डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। इस बार टीम पर ट्रॉफी डिफेंड करने की जिम्मेदारी है, लेकिन उसके मैच विनर खिलाड़ी के खेलने पर तलवार लटकी है। क्रिकबज की मानें तो ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज गेंदबाज और आरसीबी के मैच विनर खिलाड़ी जोश हेजलवुड आईपीएल 2026 के शुरुआती कुछ मुकाबलों में उपलब्ध नहीं रहेंगे। पिछले सीजन जोश हेजलवुड ने 22 विकेट चटकाए थे और आरसीबी को पहली बार चैंपियन बनाने में अहम रोल निभाया था। आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से हो रहा है, जहां आरसीबी अपना पहला मुकाबला सनराइडर्स हैदराबाद के खिलाफ खेलेगी। यह मुकाबला चिन्नास्वामी में खेला जाना है। चोट के कारण हेजलुवड एशेज सीरीज भी नहीं खेल पाए थे।
एक-साथ वापसी कर सकते हैं दोनों
जोश हेजलवुड अकेले ऑस्ट्रेलियाई नहीं हैं, जिनके आईपीएल 2026 से जुड़ने में देरी होगी। हेजलवुड के अलावा पैट कमिंस भी सनराइजर्स हैदराबाद के साथ कुछ मुकाबलों के बाद ही जुड़ पाएंगे। दोनों गेंदबाजी इंजरी के कारण हालिया टी20 वर्ल्ड कप भी नहीं खेल पाए थे, जिसका खामियाजा ऑस्ट्रेलिया को भुगतना पड़ा। नतीजा उसे जिम्बाब्वे जैसी टीम से हार का सामना करना पड़ा और टीम सुपर-8 में भी नहीं पहुंच पाई।
सनराइजर्स हैदराबा की जान कमिंस
पैट कमिंस की बात करें तो वह सनराइजर्स हैदराबाद की गेंदबाजी की जान रहे हैं। पिछले दो सीजन में कमिंस प्रभावी रहे हैं। 2024 में उन्होंने 16 मैच में 18 विकेट और 2025 में 14 मैच में 16 विकेट चटकाए थे। कमिंस अगर शुरुआती कुछ मैच नहीं खेल पाते हैं तो हैदराबाद की मुश्किलें बढ़ जाएंगी। गेंदबाजी के साथ-साथ टीम मैनेजमेंट को लीडर भी ढूंढना होगा। टाइम्स ऑफ इंडिया की मानें तो अगर कमिंस नहीं उपलब्ध हो पाते हैं तो उनकी जगह ईशान किशन को जिम्मेदारी दी जा सकती है। किशन ने बतौर खिलाड़ी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में और बतौर कप्तान सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खुद को साबित किया था।
