Joe Root creates history: भारत और इंग्लैंड के बीच हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में चल रहे पहले टेस्ट के तीसरे दिन के खेल के दौरान शनिवार (27 जनवरी) को स्टार इंग्लिश बल्लेबाज जो रूट ने इतिहास रच दिया। दाएं हाथ का यह बल्लेबाज भारत के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाला बल्लेबाज बन गया। पूर्व इंग्लिश कप्तान ने दूसरी पारी में अपना पहला रन बनाकर यह उपलब्धि हासिल की।
रूट ने विशेष उपलब्धि हासिल करते हुए महान ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज और पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग के 2555 रनों की संख्या को पीछे छोड़ दिया। अपने खेल के दिनों में, पोंटिंग ने भारत के खिलाफ 29 टेस्ट मैच खेले और 51 पारियों में 54.36 की औसत से 2555 रन बनाए थे।
जो रूट का भारत के खिलाफ रिकॉर्ड
रूट ने पहली पारी में 29 रन बनाकर पोंटिंग की बराबरी की और दूसरी पारी में अपना खाता खोलकर वह नंबर 1 पोजीशन पर पहुंच गए। भारत के खिलाफ अब तक 26 टेस्ट मैचों की 47 पारियों में रूट ने 60.88 की औसत से 2557 रन बनाए हैं। उन्होंने नौ शतक और 10 अर्द्धशतक लगाए हैं। इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर 2555 रनों के साथ एलिस्टर कुक हैं। वहीं चौथा स्थान क्लीव लॉयड के पास है जिन्होंने 2344 रन बनाए हैं।
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में भी बनाया खास रिकॉर्ड
तीसरे दिन पोंटिंग का रिकॉर्ड तोड़ने से पहले, रूट ने पहली पारी के दौरान दो बड़े मील के पत्थर हासिल किए। पहले दिन अपनी 29 रनों की पारी के दौरान, उन्होंने सचिन तेंदुलकर के 2535 रनों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया और उन बल्लेबाजों की सूची में नंबर 1 स्थान हासिल कर लिया, जो भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए टेस्ट में सबसे अधिक रन बनाने में सफल रहे हैं। इसके अलावा वह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इतिहास में 4,000 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज भी बन गए।
