क्रिकेट

IPL 2027 Auction Date: हो गया ऐलान! इस दिन गोवा में होगी आईपीएल 2027 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी

आईपीएल 2027 के लिए मिनी ऑक्शन की तारीखों का ऐलान गवर्निंग काउंसिल के अध्यक्ष अरुण धूमल ने कर दिया है। गोवा में इस दिन होगी खिलाड़ियों की नीलामी।

Image

आईपीएल 2027 नीलामी की तारीख (फोटो क्रेडिट AI Generated/News Room Varified)

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के अध्यक्ष अरुण धूमल ने बुधवार को कहा कि आईपीएल की नीलामी दिसंबर के मध्य में गोवा में आयोजित की जाएगी। तीन पिछले चरणों के विदेश में आयोजित होने के बाद आईपीएल नीलामी भारत लौट रही है। धूमल ने कहा,'हमने नीलामी के लिए गोवा तय कर दिया है। संभावित तारीखें 15 से 16 दिसंबर हैं।' नीलामी के पिछले तीन चरण दुबई, जेद्दा (मेगा नीलामी) और अबुधाबी में आयोजित किए गए थे। धूमल ने पहले कहा था कि नीलामी को भारत वापस लाना एक सोचा-समझा प्रयास था। यह एक दिन का आयोजन होगा क्योंकि यह एक ’मिनी नीलामी’ है।

नीलामी से पहले हो सकते हैं कई बदलाव

आईपीएल 2027 के लिए नीलामी से पहले कई टीमों में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। फिलहाल टीमों के कोचिंग स्टाफ में बदलाव होते दिख रहे हैं। जहीर खान को चेन्नई सुपर किंग्स ने स्टीफन फ्लेमिंग की जगह टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया है। जुबिन भरूचा को मुंबई इंडियंस ने अपना नया 'डायरेक्टर ऑफ़ परफॉर्मेंस' नियुक्त किया है। इससे पहले वो राजस्थान रॉयल्स के साथ एक दशक से ज्यादा समय तक जुड़े थे। ऐसे में मुंबई की टीम में भी कई बड़े बदलाव होते दिख सकते हैं। ट्रेड विंडो फिलहाल खुली हुई है। ऋषभ पंत की दिल्ली कैपिटल्स में वापसी हो चुकी है।

कोलकाता से जुड़ सकते हैं हार्दिक पांड्या

अजिंक्य रहाणे के संन्यास के ऐलान के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान का पद खाली हो सकता है। ऐसे में हार्दिक पांड्या की मुंबई से विदाई होने और केकेआर के साथ जुड़ने की अटकलें भी लग रही हैं। एमएस धोनी ने भी नए सीजन के लिए अपनी भूमिका का ऐलान फिलहाल नहीं किया है।ऐसे में गोवा में होने वाले मिनी ऑक्शन में कई टीमों का चाल, चरित्र और चेहरा बदलता दिख सकता है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article