शहर

दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का 'रेड अलर्ट', कई इलाकों में 500 के करीब AQI, जहरीली हवा से सांस लेना दूभर

दिल्ली-NCR में वायु प्रदूषण का स्तर बेहद गंभीर बना हुआ है। शुक्रवार सुबह दिल्ली का AQI 402, नोएडा का 369 और गाजियाबाद का 377 दर्ज किया गया। IIT दिल्ली में AQI 488 रहा।

Image

दिल्ली-NCR में घनी धुंध की चादर, कई इलाकों में विजिबिलिटी बेहद कम

Photo : ANI

Delhi Air Pollution: दिल्ली-एनसीआर में हवा दिन-ब-दिन दम घोंटू होती जा रही है। दिवाली के बाद से वायु प्रदूषण का स्तर लगातार गंभीर बना हुआ है। शुक्रवार सुबह राजधानी की हवा और जहरीली हो गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, सुबह 5:05 बजे दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 402 दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी में आता है। कुछ इलाकों में एक्यूआई 500 के करीब पहुंच गया है। वहीं, एनसीआर के कई शहरों में भी हवा की गुणवत्ता बेहद खराब रही। सुबह आसमान में धुंध की मोटी चादर छाई रही, जिससे कुछ इलाकों में विजिबिलिटी भी प्रभावित हुई।

दिल्ली के प्रमुख इलाकों में AQI का हाल

दिल्ली के कई निगरानी केंद्रों पर प्रदूषण का स्तर 450 के पार पहुंच गया। इस दौरान सबसे ज्यादा प्रदूषित हवा वाला इलाका IIT दिल्ली रहा। यहां सबसे ज्यादा 488 AQI दर्ज किया गया। चांदनी चौक और दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में यह आंकड़ा 474 रहा। पंजाबी बाग और आईटीओ में 455, बुराड़ी में 452 और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में 450 AQI रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा आया नगर में 434, आनंद विहार में 404 और इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 402 AQI दर्ज हुआ। एनसीआर के शहरों की बात करें तो नोएडा का AQI 369, गाजियाबाद का 377, गुरुग्राम का 349 और फरीदाबाद का 312 रहा। इस तरह पूरे क्षेत्र में प्रदूषण का असर बना हुआ है और लोगों को जहरीली हवा में सांस लेनी पड़ रही है।

प्रदूषण से बच्चों और बुजुर्गों की बढ़ी परेशानी

सरकार और प्रशासन की ओर से प्रदूषण रोकने के तमाम दावे किए जा रहे हैं, लेकिन राजधानी में हवा की मौजूदा स्थिति इन प्रयासों के असर पर सवाल खड़े कर रही है और आम जनता इस जहरीली हवा में जीने को मजबूर है। इस अत्यधिक प्रदूषण के कारण बच्चों, बुजुर्गों और सांस व दमा जैसी पुरानी बीमारियों से जूझ रहे लोगों की मुश्किलें बहुत बढ़ गई हैं। डॉक्टरों ने ऐसे संवेदनशील लोगों को घरों में ही रहने और सुबह-शाम बाहर निकलने से बचने की सख्त सलाह दी है।

दिवाली के चार दिन बाद भी पटाखों का प्रदूषण हवा में मौजूद

भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान (IITM) की रियल-टाइम प्रदूषण स्रोतों की ट्रैकिंग रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली की हवा को जहरीला बनाने में कई कारकों की मुख्य भूमिका रही है। दिवाली के चार दिन बाद गुरुवार को दिल्ली के PM2.5 प्रदूषण में पटाखों का योगदान करीब 7% था। पटाखों से निकलने वाले धुएं में भारी धातुओं, सल्फर डाइऑक्साइड और कार्बन आधारित सूक्ष्म कणों का मिश्रण होता है। ये कण वातावरण में कई दिनों तक मौजूद रह सकते हैं।

IITM के आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार को दिल्ली के PM2.5 प्रदूषण में बायोमास जलाने और सेकेंडरी ऑर्गेनिक एयरोसोल की हिस्सेदारी करीब 25-25 प्रतिशत थी। सेकेंडरी ऑर्गेनिक एयरोसोल सीधे किसी स्रोत से उत्सर्जित नहीं होते, बल्कि वाहनों, आग और अन्य स्रोतों से निकलने वाली गैसें हवा में सूरज की रोशनी के संपर्क में आकर रासायनिक प्रतिक्रिया करती हैं। इस प्रक्रिया में ये सूक्ष्म कण बनते हैं। इनके बनने में कई घंटे लग सकते हैं और इस वजह से इनकी मात्रा एक-दो दिनों में बढ़ सकती है।

वहीं, वाहनों से होने वाले प्रदूषण की हिस्सेदारी करीब 17 प्रतिशत आंकी गई। छोटे उद्योगों और घरेलू स्तर पर ईंधन जलाने समेत मिश्रित दहन स्रोतों का योगदान लगभग 11 प्रतिशत रहा। ये आंकड़े बताते हैं कि दिल्ली की जहरीली हवा के पीछे केवल पटाखे ही नहीं, बल्कि कई तरह के प्रदूषण स्रोत जिम्मेदार हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article