देश

निर्मला सीतारमण के ऐसे कौन से वीडियो के झांसे में आई महिला, गंवा बैठी 49.2 लाख रुपये

Nirmala Sitharaman Fake Video: केरल के कोझिकोड में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के एक फर्जी फेसबुक वीडियो पर भरोसा कर 45 वर्षीय महिला ने ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 49.2 लाख रुपये गंवा दिए।

Image

निर्मला सीतारमण के ऐसे कौन से वीडियो के झांसे में आई महिला, गंवा बैठी 49.2 लाख रुपये

Online Trading Scam: केरलम के कोझिकोड में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण वाले एक फर्जी फेसबुक वीडियो के झांसे में आकर 45-वर्षीय एक महिला कथित तौर पर ऑनलाइन कारोबार धोखाधड़ी में 49.2 लाख रुपये गंवा बैठी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

कोझिकोड ग्रामीण साइबर अपराध पुलिस ने बुधवार को एक मामला दर्ज किया। थमारसेरी के मैकावु की एक महिला ने इस संबंध में शिकायत दर्ज करायी थी।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता को फेसबुक पर सीतारमण का एक फर्जी वीडियो दिखा, जिसमें कथित तौर पर यह दावा किया गया था कि ऑनलाइन कारोबार से भारी मुनाफा कमाया जा सकता है।

'वीडियो के साथ दिए गए एक लिंक पर क्लिक किया और'

पुलिस ने बताया कि इन दावों पर भरोसा करके महिला ने वीडियो के साथ दिए गए एक लिंक पर क्लिक किया और ठगों के निर्देशानुसार ऑनलाइन कारोबार में निवेश करना शुरू कर दिया।

पुलिस ने बताया कि इस साल 15 जुलाई एवं 22 सितंबर के बीच महिला ने भारतीय स्टेट बैंक और पुथुप्पाडी सर्विस कोऑपरेटिव बैंक में मौजूद अपने खातों से कुल 49.2 लाख रुपये, आरोपी द्वारा बताए गए अलग-अलग बैंक खातों में अंतरित किये।

हालांकि, आरोपी ने न तो उनका निवेश वापस किया और न ही वादा किया गया मुनाफा दिया, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क किया।

साइबर अपराध पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि वह उन बैंक खातों का पता लगा रही हैं जिनमें पैसे भेजे गये थे।

खातों को 'फ्रीज' करने की कोशिशें

उसने कहा कि इन खातों को 'फ्रीज' करने की कोशिशें की जा रही हैं। पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया मंचों पर एआई जनित ऐसे वीडियो मौजूद हैं, जिनमें केंद्रीय मंत्री कथित तौर पर निवेश योजनाओं को बढ़ावा देते दिख रहे हैं। पुलिस ने कहा कि लोगों को इस तरह के साइबर धोखाधड़ी का शिकार होने से बचने के लिए बार-बार चेतावनी जारी की गई है।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article