स्पोर्ट्स

पीटी उषा ने नहीं मानी हार, आइस हॉकी संघ से नामांकित होने के बाद IOA अध्यक्ष पद की रेस में बरकरार

भारतीय ओलंपिक संघ की मौजूदा अध्यक्ष पीटी ऊषा ने भारतीय आइस हॉकी संघ द्वारा नामित किए जाने के बाद दोबारा अध्यक्ष की रेस में लौट आई हैं। उत्कृष्ट योग्यता के खिलाड़ियों (एसओएम) के चुनाव में हार के बाद उनकी उम्मीदों को झटका लगा था।

Image

पीटी ऊषा

नई दिल्ली: भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष पीटी उषा की दोबारा अध्यक्ष बनने की उम्मीदें बरकरार हैं क्योंकि उत्कृष्ट योग्यता के खिलाड़ियों (एसओएम) के चुनाव में हार के कुछ ही दिनों बाद भारतीय आइस हॉकी संघ (आईएचएआई) ने गुरुवार को उन्हें आम सभा के लिए अपने दो प्रतिनिधियों में से एक के रूप में नामित किया। उषा को आइस हॉकी के राष्ट्रीय महासंघ की महिला प्रतिनिधि बनाया गया है जबकि महासचिव हरजिंदर सिंह को पुरुष प्रतिनिधि नामित किया गया है।

पीटी ऊषा को आइस हॉकी संघ ने किया नामित

आईओए चुनाव में मतदान के अधिकार वाले 30 राष्ट्रीय खेल महासंघों (एनएसएफ) में से प्रत्येक को निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार श्रीवास्तव ने गुरुवार दोपहर तीन बजे की समय सीमा से पहले आम सभा के लिए एक पुरुष और एक महिला प्रतिनिधि नामित करने को कहा था। निर्वाचन अधिकारी द्वारा सोमवार को जारी अधिसूचना में एक शर्त यह भी है कि नामित सदस्य संबंधित राष्ट्रीय खेल महासंघ का सदस्य होना चाहिए। यह स्पष्ट नहीं है कि ट्रैक एवं फील्ड की दिग्गज खिलाड़ी उषा इस शर्त को पूरा करती हैं या नहीं। अधिसूचना में कहा गया है,'प्रत्येक प्रतिनिधि संबंधित एनएसएफ का सदस्य, भारत का नागरिक, 70 वर्ष से कम उम्र का, अच्छी प्रतिष्ठा वाला, स्वतंत्र सोच और सही निर्णय लेने की क्षमता रखने वाला तथा ओलंपिक सिद्धांतों की जानकारी और उनमें विश्वास रखने वाला व्यक्ति होना चाहिए।'

रविवार को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची

अस्थायी मतदाता सूची पर आपत्तियां शुक्रवार को दर्ज कराई जाएंगी। इन आपत्तियों की जांच, सत्यापन और निपटारा शनिवार को किया जाएगा जबकि अंतिम मतदाता सूची रविवार को प्रकाशित होगी। राष्ट्रीय खेल महासंघों के 60 सदस्य, पहले ही चुने जा चुके आठ एसओएम, एथलीट आयोग के दो प्रतिनिधि और भारत में अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) के सदस्य मिलकर 71 सदस्यीय निर्वाचक मंडल बनाएंगे। आईओए कार्यकारी परिषद का चुनाव पांच दिसंबर को होगा। एसओएम और राष्ट्रीय खेल महासंघों द्वारा नामित सभी 60 सदस्य नयी कार्यकारी परिषद के लिए उम्मीदवार भी बन सकते हैं।

अध्यक्ष पद की रेस में हैं ये खिलाड़ी

राष्ट्रीय खेल महासंघों द्वारा नामित प्रमुख प्रतिनिधियों में एथलेटिक्स से आदिल सुमारिवाला, तलवारबाजी से राजीव मेहता, रग्बी से राहुल बोस, तीरंदाजी से वीरेंद्र सचदेवा, फुटबॉल से कल्याण चौबे, भारोत्तोलन से सहदेव यादव, निशानेबाजी से अजय पटेल, कुश्ती से संजय सिंह, वुशु से भूपिंदर सिंह बाजवा और हॉकी से भोला नाथ सिंह शामिल हैं। नामित सदस्यों में निवर्तमान कार्यकारी परिषद के कम से कम सात सदस्य भी शामिल हैं जिन्हें उनके संबंधित राष्ट्रीय खेल महासंघों ने आईओए आम सभा के लिए नामित किया है। सुमारिवाला को भी आईओए के शीर्ष पद के दावेदारों में माना जा रहा है। उनके अलावा एसओएम सदस्य गगन नारंग और साइना नेहवाल भी इस पद की दौड़ में शामिल बताए जा रहे हैं।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article