Delhi Capitals IPL 2026: आईपीएल 2026 के 19वें सीजन का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है। इससे पहले सारी टीमें अपनी तैयारियों में जुटी हुई हैं और नेट्स पर पसीना बहा रही हैं। दिल्ली कैपिटल्स भी अपने आगाज का शुरुआत करने के लिए उत्साहित है। इसी क्रम में दिल्ली कैपिटल्स के प्लेयर आशुतोष शर्मा ने टीम में अपनी भूमिका को लेकर बड़ी बात कही है। आशुतोष शर्मा का कहना है कि वह इंडियन प्रीमियर लीग जैसे बड़े मंच पर खेलने का दबाव महसूस नहीं करते। वह 2026 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए पिछले सत्र के मुकाबले ज्यादा से ज्यादा मैच फिनिश करने पर फोकस कर रहे हैं।
2025 में की थी जोरदार शुरुआत
दिल्ली कैपिटल्स के लिए अपने पहले सत्र में ’इम्पैक्ट प्लेयर’ आशुतोष ने टूर्नामेंट की शुरुआत जोरदार तरीके से की थी। उन्होंने 31 गेंद में 66 रन बनाकर लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ एक रोमांचक जीत दिलाई थी। हालांकि वह और उनकी टीम टूर्नामेंट में मिली शुरुआती बढ़त का फायदा नहीं उठा सकी। टीम प्ले-ऑफ में जगह बनाने से भी चूक गई। आशुतोष ने 28 मार्च से शुरू हो रहे आईपीएल सत्र की तैयारियों के बारे में बात करते हुए पीटीआई से कहा, 'तैयारियां बहुत अच्छी चल रही हैं। हमने सत्र पूर्व तीन-चार शिविर में हिस्सा लिया है। मेरी भूमिका पिछले साल जैसी ही रहेगी, टीम के लिए छठे या सातवें नंबर पर आकर मैच फिनिश करना। मैं ज्यादा से ज्यादा मैच जीतना चाहता हूं।'
तीसरा IPL सीजन खेलने जा रहे हैं आशुतोष शर्मा
मध्य प्रदेश के रहने वाले 27 वर्षीय आशुतोष 2024 में पंजाब किंग्स के लिए अपने शानदार प्रदर्शन से सुर्खियों में आए थे और यह उनका तीसरा आईपीएल सत्र होगा। वह घरेलू क्रिकेट में रेलवे के लिए खेलते हैं। हैरानी की बात है कि जब वह खचाखच भरे स्टेडियम में खेलते हैं तो उन्हें कोई दबाव महसूस नहीं होता। फिनिशर की भूमिका का मतलब ही है कि दबाव वाले हालात में भी शांत रहना, और ऐसा लगता है कि आशुतोष ने अपने खेल के इस पहलू को अच्छी तरह समझ लिया है। उन्होंने कहा, 'जब मैं मैदान पर होता हूं तो मुझे कोई दबाव महसूस नहीं होता। मुझे अपनी काबिलियत और अपनी मेहनत पर पूरा भरोसा है। इस सत्र में मैंने कोई नया शॉट या कुछ और नहीं सीखा है। मैं बस अपने मौजूदा खेल को और बेहतर बनाने पर काम कर रहा हूं।' आशुतोष को लगता है कि लुंगी एनगिडी और डेविड मिलर के शामिल होने से टीम का संतुलन काफी अच्छा हो गया है। अक्षर पटेल की कप्तानी वाली इस टीम ने पिछले सत्र में पांचवां स्थान हासिल किया था।
इनपुट- भाषा
