Record of Most Six in an IPL Inning: आईपीएल 2024 में शुक्रवार को कोलकाता के ऐतिहासिक इडेन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स के बीच भिड़ंत हुई। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 261 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। पंजाब को जीत के लिए 262 रन का रिकॉर्ड लक्ष्य मिला था। जो कि अंत में जॉनी बेयर्स्टो और शशांक सिंह के बल्ले के तूफान के सामने बौना साबित हुआ। पंजाब ने 8 विकेट और 8 गेंद शेष रहते मुकाबले को अपने नाम कर लिया। ये टी20 क्रिकेट इतिहास में किसी भी टीम की लक्ष्य का पीछा करते हुए हासिल की गई सबसे बड़ी जीत है।
केकेआर के बल्लेबाजों ने जड़े 18 छक्के
मैच के दौरान दोनों पारियों में चौकों छक्कों की जमकर बारिश हुई। पहली पारी में केकेआर के बल्लेबाजों ने कुल 18 छक्के और 22 चौके जड़े। फिल साल्ट ने सबसे ज्यादा 6 छक्के केकेआर के लिए मैच में जड़े। इसके बाद सुनील नरेन ने 4, श्रेयस अय्यर ने 3, सुनील नरेन और वेंकटेश अय्यर ने 2-2 छक्के जड़े। एक छक्का रमनदीप सिंह के बल्ले से निकला।
पंजाब ने जवाबी हमले में जड़े 24 छक्के, बनाया नया रिकॉर्ड
छक्कों की बारिश की कहानी केकेआर की पारी में खत्म नहीं हुई। दूसरी पारी में पंजाब किंग्स के बल्लेबाजों ने भी तूफानी अंदाज में शुरुआत की और देखते देखते चौकों छक्कों की झड़ लगी दी। पंजाब के लिए सबसे ज्यादा 9 छक्के शतकवीर जॉनी बेयर्स्टो ने जड़े। इसके अलावा 8 छक्के शशांक सिंह ने, 5 छक्के प्रभसिमरन सिंह और 2 छक्के रिली रूसो ने जड़े। पंजाब के बल्लेबाजों ने कुल 24 छक्के जड़े। पंजाब किंग्स ने इस कोशिश में एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का नया रिकॉर्ड भी कायम कर दिया। ये रिकॉर्ड इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद क नाम दर्ज था जिसने पारी में 22 छक्के आरसीबी के खिलाफ मौजूदा सीजन में जड़े थे।
सीजन में दूसरी बार टूटा छक्कों का रिकॉर्ड
ऐसे में दोनों पारियों में मिलाकर कुल 42 छक्के मैच में जड़े और आईपीएल के एक मकाबले में सबसे ज्यादा छक्के लगने का हालिया रिकॉर्ड टूट गया। इसी सीजन सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियन्स के बीच खेले गए मैच में 38 छक्के दोनों टीमों ने जड़े। वहीं सनराइजर्स हैदराबाज और आरसीबी के बीच चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में दोनों टीमों ने कुल मिलाकर 38 छक्के जड़े थे। पिछले सीजन आरसीबी और सीएसके के बीच मुकाबले में कुल 33 छक्के बल्लेबाजों ने जड़े थे। मौजूदा सीजन में एक मैच में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड दूसरी बार टूटा है। जबकि एक मुकाबले में रिकॉर्ड की बराबरी हुई थी। मौजूदा सीजन में आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड भी 42 मैच होते-होते टूट गया है। ये गिनती फाइनल मुकाबले तक कहां जाकर रुकती है ये देखने वाली बात होगी।
