मेलबर्न: पदार्पण कर रहे निखिल चौधरी के हरफनमौला प्रदर्शन की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने शनिवार को मेलबर्न क्रिकेट मैदान (एमसीजी) पर खेले गए रोमांचक टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में इंग्लैंड को एक गेंद शेष रहते तीन विकेट से शिकस्त दी। चौधरी ने अपनी लेग स्पिन गेंदबाजी से चार ओवर में 21 रन देकर दो विकेट चटकाने के बाद 38 गेंदों में 66 रन की शानदार पारी खेलकर ऑस्ट्रेलिया को शानदार जीत दिलाई। इंग्लैंड ने कप्तान हैरी केन की 28 गेंद में 65 रन की पारी के बूते नौ विकेट पर 187 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। ऑस्ट्रेलिया ने 19.5 ओवर में सात विकेट पर 191 रन बनाकर इस मैदान पर रिकॉर्ड जीत दर्ज की। यह एमसीजी में टी20 अंतरराष्ट्रीय का सबसे बड़ा स्कोर है।
कोविड के दौर में पर्यटक वीजा पर आए थे ऑस्ट्रेलिया, अब किया डेब्यू
भारत में जन्मे चौधरी छह साल पहले पर्यटक वीजा पर ऑस्ट्रेलिया पहुंचे थे, लेकिन कोविड महामारी के कारण यात्रा प्रतिबंधों के चलते वहीं रुक गए। चौधरी ने मैच के बाद कहा, 'मेरे माता-पिता कल रात ही भारत से यहां पहुंचे हैं। उनके सामने ’प्लेयर ऑफ द मैच (मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी)’ का पुरस्कार जीतने से बेहतर कुछ नहीं हो सकता। यहां स्टेडियम में बैठकर मुझे खेलते हुए देखना उनका पहला अनुभव था।'
नहीं खेल रहे हैं ऑस्ट्रेलिया के अहम खिलाड़ी
आगामी टेस्ट मुकाबलों की तैयारियों के कारण दोनों टीमों के कई प्रमुख खिलाड़ी इस मैच में नहीं खेल रहे थे। इसके बावजूद नये चेहरों से सजी मेजबान टीम ने मुकाबले में रोमांचक जीत दर्ज की। अपने घरेलू मैदान पर यादगार पदार्पण के बाद चौधरी जब आउट हुए तब ऑस्ट्रेलिया को आखिरी दो ओवर में जीत के लिए 20 रन की जरूरत थी। जोफ्रा आर्चर, जोश टंग और सन्नी बेकर जैसे गेंदबाजों के बिना उतरी इंग्लैंड की टीम लक्ष्य का बचाव नहीं कर सकी।
अंतिम ओवर में जीत के लिए चाहिए थे 11 रन, नहीं बचा पाए कुरेन
चार साल पहले एमसीजी में टी20 विश्व कप फाइनल के ’प्लेयर ऑफ द मैच’ रहे सैम कुरन के पास अंतिम ओवर में 11 रन बचाने की चुनौती थी लेकिन वह सफल नहीं रहे। जैक एडवर्ड्स ने ओवर की पांचवीं गेंद पर चौका लगाकर ऑस्ट्रेलिया को जीत दिला दी। दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय शृंखला का दूसरा मुकाबला मंगलवार को गोल्ड कोस्ट के कैरारा में खेला जाएगा। इससे पहले इंग्लैंड ने बुधवार को ऑस्ट्रेलिया को 97 रन से हराकर एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय शृंखला 2-1 से अपने नाम की थी।
