क्रिकेट

KKR vs PBKS: फॉर्म में लौटे जॉनी बेयर्स्टो, विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए जड़ा कोलकाता के खिलाफ आतिशी शतक

पंजाब किंग्स के लिए खेलने वाले इंग्लैंड के धाकड़ विकेटकीपर बल्लेबाज जॉनी बेयर्स्टो ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 262 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आतिशी शतक जड़ दिया।

Image

जॉनी बेयर्स्टो(साभार IPL/BCCI)

KEY HIGHLIGHTS
  • जॉनी बेयर्स्टो ने जड़ा केकेआर के खिलाफ 45 गेंद में शतक
  • 262 लक्ष्य का पीछा करते हुए खेली आतिशी पारी
  • आईपीएल में दूसरे शतक के लिए खत्म हुआ 5 साल का इंतजार

कोलकाता: पंजाब किंग्स के लिए खेलने वाले इंग्लैंड के धाकड़ बल्लेबाज जॉनी बेयर्स्टो शुक्रवार को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ अपने फॉर्म में लौट आए। इस मैच से पहले खेले 6 मैच में बेयर्स्टो अर्धशतक भी नहीं जड़ सके थे। 42 रन उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा था। लेकिन कोलकाता के खिलाफ जीत के लिए 262 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बेयर्स्टो का बल्ला जाग उठा और उन्होंने 45 गेंद में शतक जड़ दिया। अपनी शतकीय पारी के दौरान बेयर्स्टो ने 8 चौके और 8 छक्के जड़े। ये उनके आईपीएल करियर का दूसरा शतक है जो 5 साल लंबे अंतराल के बाद आया।

पहले विकेट के लिए की 93 रन की आतिशी साझेदारी

जीत के लिए 262 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स के लिए पारी की शुरुआत करने प्रभसिमरन सिंह और जॉनी बेयर्स्टो की जोड़ी उतरी। दोनों ने टीम को तेज शुरुआत दी। शुरुआत में प्रभसिमरन ने आक्रमण की जिम्मेदारी संभाली और बेयर्स्टो के साथ मिलकर टीम को 3.3 ओवर में बगैर किसी नुकसान के 50 रन के पार पहुंचा दिया। 93 के स्कोर पर प्रभसिमरन के आउट होने के बाद बेयर्स्टो मैदान पर टिके रहे और 7.2 ओवर में अपनी टीम को 100 रन के पार पहुंचा दिया। बेयर्स्टो ने इस दौरान अपना सीजन का पहला और आईपीएल में 10वां अर्धशतक 23 गेंद में 5 चौके और 4 छक्के की मदद से पूरा कर लिया।

आईपीएल करियर के चौथे मैच में जड़ा था शतक

अर्धशतक पूरा करने के बाद बेयर्स्टो ने अपना हमलावर रुख बरकरार रखा और आईपीएल करियर का दूसरा और पंजाब के लिए पहला शतक 45 गेंद में जड़ा। इससे पहले साल 2019 में अपने डेब्यू सीजन में जॉनी बेयर्स्टो ने शानदार शतक आरसीबी के खिलाफ अपने आईपीएल करियर का पहला शतक जड़ा था। सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेलते हुए उस मुकाबले में उन्होंने 56 गेंद में 114 रन की पारी खेली थी।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article