क्रिकेट

IND vs ENG: टेस्ट डेब्यू को जिंदगीभर याद रखेंगे रजत पाटीदार, बोले-' ये सपना सच होने जैसा'

  • Agency by: भाषा
  • Updated Feb 2, 2024, 08:21 PM IST

Rajat Patidar on test debut: 30 साल की उम्र में भारतीय टेस्ट टीम के लिए डेब्यू करने वाले रजत पाटीदार ने अपने पहले मैच में मैदान पर कदम रखने वाले पल को बेहद खास बताया है।

Image

रजत पाटीदार (फोटो- AP)

Rajat Patidar on test debut: घरेलू सर्किट पर वर्षों की मेहनत ने रजत पाटीदार को टेस्ट पदार्पण के लिए पूरी तरह से तैयार कर दिया जिससे इस 30 साल के खिलाड़ी को इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में भारत के लिए पहले दिन बल्लेबाजी के लिए उतरने में कोई दबाव महसूस नहीं हुआ।

मध्य प्रदेश के लिए 2015 में प्रथम श्रेणी पदार्पण करने वाले पाटीदार को मैच से एक दिन पहले ही अंतिम एकादश में खुद के शामिल होने के बारे में पता चला।भारत ए के लिए इंग्लैंड लायंस के खिलाफ लगातार शतक जड़ने वाले पाटीदार ने 72 गेंद का सामना करते हुए 32 रन बनाए।

ये मेरे लिए सपने सच होने जैसा- पाटीदार

पाटीदार ने दिन का खेल खत्म होने के बाद कहा- 'यह मेरे लिए सपना सच होने वाला क्षण था। देश का प्रतिनिधित्व करना हर खिलाड़ी का सपना होता है। क्रीज पर जाते हुए कोई दबाव नहीं था क्योंकि मैं घरेलू क्रिकेट में काफी मैच खेल चुका हूं। मैं बीती रात अच्छी तरह सोया। यह मेरे लिए सामान्य दिन था।मैं ए स्तर (न्यूजीलैंड और इंग्लैंड) की दो श्रृंखला में खेल चुका हूं। जब आप उस स्तर पर खेलते हो तो आपका आत्मविश्ववास बढ़ता है। हाल में इंग्लैंड लायंस के खिलाफ खेलकर मेरा आत्मविश्वास काफी बढ़ा जिसके खिलाफ दो शतक मेरे लिए काफी महत्वपूर्ण रहे।'

भारतीय क्रिकेट में लंबा इंतजार सामान्य है- पाटीदार

टेस्ट पदार्पण के लिए लंबे इंतजार पर उन्होंने कहा कि- 'भारतीय क्रिकेट में इतना लंबा इंतजार सामान्य है। काफी खिलाड़ी हैं तो मैं सिर्फ उन चीजों पर ध्यान लगा रहा था जो मेरे हाथों में है। इसलिये 30 साल की उम्र में पदार्पण कर रहा हूं। लेकिन यह अच्छा अहसास है। पाटीदार ने यशस्वी जायसवाल की नाबाद 179 रन की पारी की प्रशंसा करते हुए कहा कि 'हम लंबे समय तक खेलने के बारे में बात कर रहे थे। मेरी पारी अच्छी थी लेकिन मुझे इसे बड़ा करना होगा। यशस्वी काफी अच्छा खिलाड़ी है, वह जिस तरह गेंदबाजों को धुनता है, वह काबिलेतारीफ है।'

End of Article