क्रिकेट

ICC Champions Trophy 2025: दुबई में दिखी टीम इंडिया के प्लेयर्स की दीवानगी, दुनियाभर से यूएई आए प्रशंसक

भारतीय क्रिकेट प्रेमियों के सिर पर टीम इंडिया के स्टार प्लेयर्स का जादू सिर चढ़कर बोल रहा है। अपने फेवरेट क्रिकेटर की झलक पाने के लिए प्रशंसक बेकरार है।

Image

भारतीय क्रिकेट टीम (साभार BCCI)

दुबई: भारतीय क्रिकेट टीम जिस देश का दौरा करती है वहीं उनकी दीवानगी प्रशंसकों के सिर पर चढ़कर बोलती है। ऐसा ही इन दिनों दुबई में हो रही है। टीम इंडिया चैंपियंस ट्रॉफी में शिरकत करने के लिए दुबई पहुंची है तो उनका दीदार करने और सपोर्ट करने दुनियाभर से क्रिकेट फैन्स दुबई पहुंच रहे हैं। कोई विराट कोहली की एक झलक देखने के लिए बेकररा है तो कोई श्रेयस अय्यर का ऑटोग्राफ हासिल करना चाहता है।

रहमान जैद और फातिमा ओमान से यहां आये हैं जिन्होंने भारत के सुपरस्टार क्रिकेटरों की एक झलक पाने के लिये घंटों इंतजार किया और आखिर उनका सपना सच हो गया। इन देशों के क्रिकेटप्रेमियों को भारतीय खिलाड़ियों को इतने करीब से देखने का मौका कम ही मिलता है लेकिन जब मिला तो जिंदगी भर के लिये उनकी यादों में चस्पा हो गया। भारत से कई प्रशंसक यहां आये हैं लेकिन आईसीसी क्रिकेट अकादमी पर जमा 200 से अधिक प्रशंसकों में पाकिस्तान, बांग्लादेश, नेपाल, ओमान, ब्रिटेन और अमेरिकी नागरिक भी थे।

बांग्लादेश के खिलाफ 20 फरवरी को चैम्पियंस ट्रॉफी के पहले मैच से पूर्व भारतीय टीम सोमवार की शाम यहां तीन घंटे अभ्यास सत्र के लिये आई। इन प्रशंसकों ने खिलाड़ियों की तस्वीरें ली और वीडियो बनाये। खिलाड़ियों से महज पांच मीटर की दूरी पर खड़े इन प्रशंसकों और इनके प्रिय खिलाड़ियों के बीच चंद सुरक्षाकर्मी और बैरीकेड ही था। जैद ने कहा,'हम ओमान से यहां आये हैं। हम भारत के कुछ मैच देखेंगे। हमें खुशी है कि इतने करीब से क्रिकेटरों को देखने का मौका मिल रहा है।'

उन्होंने अभ्यास सत्र पूरा होने के बाद भी तस्वीरें लेने की कोशिश की। क्रिकेटरों ने टीम बस में जाने से पहले ऑटोग्राफ दिये जिससे इनका दिन बन गया। सत्रह वर्ष की फातिमा को श्रेयस अय्यर का ऑटोग्राफ टीशर्ट पर मिला। उन्होंने कहा,'मैं बहुत खुश हूं। आईसीसी को इस मौके के लिये धन्यवाद देती हूं जिसकी वजह से भारतीय क्रिकेटरों को इतने करीब से देख सकी। मुझे टीशर्ट पर ऑटोग्राफ भी मिला।'

उन्होंने कहा,'यह सपने जैसा था । मैने विराट को देखा । वह आये और मुझे आटोग्राफ भी दिये । वह बहुत अच्छे और शानदार हैं ।मैं शमी का आटोग्राफ नहीं ले सकी। सबसे ज्यादा तालियां विराट के लिये बजी जो प्रशंसकों के चहेते हर जगह हैं।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article