क्रिकेट

IPL 2026: कोलकाता के मैदान पर इन दो गेंदबाजों से बचना होगा मुश्किल, फाफ डु प्लेसिस ने क्या कुछ कहा

IPL 2026: फाफ डु प्लेसी ने कहा है कि वरुण चक्रवर्ती का प्रदर्शन टी20 विश्व कप में भले ही कुछ खास नहीं रहा हो लेकिन 28 मार्च से शुरू हो रहे आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के लिए यह भारतीय रहस्मयी स्पिनर बहुत महत्वपूर्ण साबित होगा।

Image

फाफ डु प्लेसिस

Photo : AP

IPL 2026: दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान फाफ डु प्लेसी ने कहा है कि वरुण चक्रवर्ती का प्रदर्शन टी20 विश्व कप में भले ही कुछ खास नहीं रहा हो लेकिन 28 मार्च से शुरू हो रहे आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के लिए यह भारतीय रहस्मयी स्पिनर बहुत महत्वपूर्ण साबित होगा। इस टूर्नामेंट से संन्यास लेने से पहले चेन्नई सुपरकिंग्स, दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलने वाले डु प्लेसी ने ’जियो हॉटस्टार’ से कहा कि ईडन गार्डन्स की पिच सुनील नारायण और चक्रवर्ती की गेंदबाजी के अनुकूल होनी चाहिए।

डु प्लेसी ने कहा, "अगर मैं केकेआर टीम प्रबंधन का हिस्सा होता तो मैं ईडन गार्डन्स के मैदानकर्मियों से कहता कि पिच को स्पिन के अनुकूल बनाया जाए। केकेआर खुशकिस्मत है कि उसके पास चक्रवर्ती और नारायण जैसे दो शानदार गेंदबाज हैं।" उन्होंने कहा, "ये दोनों इस समय टी20 क्रिकेट के सबसे बेहतरीन स्पिनरों में से हैं। वरुण और नारायण, दोनों का प्रदर्शन असरदार होना जरूरी है। अगर वे ऐसी पिचों पर खेलते हैं जहां वे अपनी पूरी क्षमता से गेंदबाजी नहीं कर पाते तो आप अपने इन दो सबसे बड़े हथियारों और अपनी सबसे बड़ी ताकत को खो देंगे।"

डु प्लेसी ने कहा, "हां, वे किसी भी पिच पर अच्छी गेंदबाजी कर सकते हैं और बल्लेबाजों को परेशान कर सकते हैं। लेकिन इस आईपीएल में केकेआर की सफलता के लिए, चक्रवर्ती और नारायण को अपना जलवा दिखाना होगा। पिच को इन दोनों खिलाड़ियों को ध्यान में रखकर ही तैयार किया जाना चाहिए।"

टी20 विश्व कप में भारत की खिताबी जीत के दौरान चक्रवर्ती का प्रदर्शन औसत रहा था। उन्होंने 14 विकेट लिए लेकिन उनका इकोनॉमी रेट नौ से अधिक का रहा। पिछले सत्र में केकेआर की टीम अंक तालिका में नीचे से तीसरे स्थान पर रही थी और अपने 14 मैच में से सिर्फ पांच जीत पाई थी।

अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली यह टीम 29 मार्च को मुंबई इंडियन्स के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। यह मैच मुंबई के घरेलू मैदान पर खेला जाएगा।

डु प्लेसी ने कहा कि कैमरन ग्रीन भी टीम के लिए अहम साबित हो सकते हैं। हालांकि उन्होंने यह भी चेताया कि इस ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर पर अपनी 25.2 करोड़ रुपये की भारी-भरकम कीमत का बहुत अधिक दबाव होगा।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article