क्रिकेट

भारत से मिली करारी हार के बाद इंग्लैंड के कोच मैकुलम ने दिया ये बहाना

Coach Brendon McCullum On England Loss Against India: इंग्लैंड के मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम ने उन सुझावों को खारिज कर दिया है कि उनकी टीम ने भारत के खिलाफ सीमित ओवरों की श्रृंखला के लिए पर्याप्त तैयारी नहीं की थी।

Image

ब्रैंडन मैकुलम (Instagram)

इंग्लैंड के मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम ने उन सुझावों को खारिज कर दिया है कि उनकी टीम ने भारत के खिलाफ सीमित ओवरों की श्रृंखला के लिए पर्याप्त तैयारी नहीं की थी। रवि शास्त्री और केविन पीटरसन ने बुधवार को खेले गए तीसरे वनडे मैच के दौरान कमेंट्री करते हुए कहा था कि जो रूट को छोड़कर इंग्लैंड के किसी भी खिलाड़ी ने वनडे श्रृंखला के लिए पर्याप्त तैयारी नहीं की थी। भारत ने इस श्रृंखला के तीनों मैच जीतकर क्लीन स्वीप किया था।

मैकुलम ने इंग्लैंड की तीसरे वनडे में हार के बाद ‘टॉकस्पोर्ट’ से कहा, "यह पूरा बयान ही तथ्यात्मक रूप से गलत है कि हमने अच्छी तैयारी नहीं की थी।" उन्होंने कहा, "हम बहुत अच्छी तैयारी के साथ यहां आए थे। हमारे खिलाड़ी काफी क्रिकेट खेल कर यहां आए थे। परिणाम अनुकूल नहीं रहने पर यह कहना आसान हो जाता है कि हमने पर्याप्त तैयारी नहीं की थी।"

इंग्लैंड की टीम ने नागपुर में खेले गए पहले वनडे से पूर्व अभ्यास सत्र में भाग लिया था लेकिन इसके बाद अगले दो मैच में उसने अनौपचारिक अभ्यास सत्र का विकल्प चुना था। अगले हफ्ते पाकिस्तान और दुबई में होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी से पहले इंग्लैंड को अपने आखिरी वनडे मैच में भारत से 142 रन से हार का सामना करना पड़ा। इंग्लैंड को वनडे श्रृंखला से पहले पांच मैच की टी20 श्रृंखला में भी भारत से 1-4 से हार का सामना करना पड़ा था।

मैकुलम ने जैकब बेथेल (हैमस्ट्रिंग) और जेमी स्मिथ (पिंडली) की चोटों का भी हवाला दिया।

उन्होंने कहा, "हमारे खेलने की एक शैली, एक तरीका है जिस पर हम पूरा विश्वास करते हैं। हमारे कुछ खिलाड़ी चोटों से जूझ रहे हैं। आखिरकार जो कहा गया है वह तथ्यात्मक रूप से गलत है और हम जिस पर विश्वास करते हैं उस पर कायम रहेंगे।"

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article