क्रिकेट

किसी से नहीं डरता वो, कोई परवाह नहीं... वैभव सूर्यवंशी पर ध्रुव जुरेल ने बताई बड़ी बात

Dhruv Jurel Revelation About Vaibhav Suryavanshi: आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मैच में हैदराबाद के खिलाफ 29 गेंदों में 97 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेलने वाले वैभव सूर्यवंशी ने रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। इस दौरान उन्होंने हैदराबाद के सभी गेंदबाजों की क्लास लगाई जिसमें ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस भी शामिल रहे। इसी को लेकर वैभव के साथी खिलाड़ी ध्रुव जुरेल ने बड़ा खुलासा किया है।

Image

ध्रुव जुरेल ने वैभव सूर्यवंशी पर दिया बयान (Instagram/Dhruvjurel/AP)

राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने अपने साथी वैभव सूर्यवंशी की तारीफ करते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में भी वह विरोधी गेंदबाज की ख्याति से भयभीत नहीं होता। पंद्रह वर्ष के सूर्यवंशी ने आईपीएल में जसप्रीत बुमराह से लेकर पैट कमिंस तक सभी की बखिया उधेड़ी है। मोहम्मद सिराज, जोश हेजलवुड और कैगिसो रबाडा की गेंदों पर भी उन्होंने खूब रन बनाये हैं।

बुधवार को उन्होंने कमिंस को लगातार तीन छक्के लगाये। सूर्यवंशी के 29 गेंद में 97 रन की मदद से रॉयल्स ने गुजरात टाइटंस को हराकर दूसरे क्वालीफायर में जगह बनाई। विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने कहा, "वैभव के बारे में सबसे अच्छी बात यह है कि वह कुछ योजना बनाकर नहीं खेलता क्योंकि वह बहुत अभ्यास करता है और उसे खुद पर भरोसा है। उसे खुद पर एक पल को भी संदेह नहीं होता कि वह ऐसा नहीं कर सकेगा।"

इस सत्र में छह अर्धशतक जमा चुके जुरेल ने कहा, "जब हम अकादमी में जाते हैं तो हमसे कहा जाता है कि गेंदबाज को नहीं , गेंद को देखो। 17 बरस की उम्र में हम हमेशा गेंदबाज को देखते हैं कि यह इतना बड़ा गेंदबाज है लेकिन वैभव सिर्फ गेंद को देखता है। वह किसी गेंदबाज की परवाह नहीं करता।"

सनराइजर्स हैदराबाद के सहायक कोच जेम्स फ्रेंकलिन ने कहा, "समझ में नहीं आता कि उसे कहां गेंद डाली जाये। हमने उसे फुल लैंग्थ, लेग स्टम्प के भीतर, स्विंग हर गेंद डालकर देखा लेकिन उसने आसानी से खेल ली । पिच भी बल्लेबाजों की मददगार थी। मैने इस तरह की प्रतिभा कभी नहीं देखी। अभी उसके करियर के 25 साल बाकी हैं और वो बेहतर ही होता जायेगा।"

गौरतलब है कि वैभव सूर्यवंशी ने अपनी इस रिकॉर्डतोड़ पारी के दौरान 12 छक्के और 5 चौके लगाए। वैभव ने अपने 12 छक्कों के दौरान एक आईपीएल सीजन में क्रिस गेल के सर्वाधिक 59 छक्कों का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। अब वैभव टी20 इतिहास में किसी भी टूर्नामेंट में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। अब तक उनके 65 छक्के हो चुके हैं।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article