Ajit Agarkar: भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने BCCI से एक बड़ी रिक्वेस्ट की है। उन्होंने बोर्ड से उनका चीफ सेलेक्टर का कार्यकाल बढ़ाने की मांग की है। अगरकर ने बोर्ड से मांग की है कि उनका कार्यकाल 2027 के वनडे वर्ल्ड कप तक बढ़ा दिया जाए। अगरकर की यह रिक्वेस्ट भारत के टी20 विश्वकप 2026 जीतने के बाद आई है। इससे पहले भी अजीत अगरकर का कार्यकाल बढ़ाया जा चुका है। एक बार फिर अगर इस उम्मीद में हैं कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड उनकी डिमांड को दोबारा सुनेगा।
एक बार बढ़ चुका है कार्यकाल
इससे पहले जब टीम इंडिया ने 2024 का टी20 वर्ल्ड कप और साल 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी, तो बीसीसीआई ने ईनाम के रूप में अगरकर का कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ाया था। इसके बाद उनका कार्यकाल जून, 2026 तक का हो गया था। अब जबकि भारत ने टी20 वर्ल्ड कप में खिताबी जीत हासिल की है तो चीफ सिलेक्टर ने बीसीसीआई से खुद का कार्यकाल बढ़ाने की मांग कर दी है। हालांकि, अभी तक इस मामले में कोई पुख्ता फैसला नहीं लिया गया है।
जून 2023 में बनाया गया था मुख्य चयनकर्ता
अजीत अगरकर को जून 2023 में भारतीय क्रिकेट टीम का मुख्य चयनकर्ता नियुक्त किया गया था। उनके चीफ सेलेक्टर रहते हुए टीम इंडिया ने सीमित ओवर्स के क्रिकेट में काफी शानदार प्रदर्शन किया है। इस दौरान भारतीय टीम ने 2023 में एशिया कप जीता और वनडे वर्ल्ड कप फाइनल मैच खेला था। हालांकि, यहां पर टीम को खिताबी जीत नहीं मिली थी और ऑस्ट्रेलिया ने भारत का दिल तोड़ दिया था। इसके बाद भारतीय टीम ने 2024 का टी20 विश्वकप अपने नाम किया। फिर भारतीय टीम ने 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी और एशिया कप अपने नाम किया। अब टीम इंडिया ने 2026 का टी20 वर्ल्डकप भी जीत लिया है। जब 2025 में चैंंपियंस ट्रॉफी जीत के बाद अगरकर का कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ाया गया था तो उनको उम्मीद होगी कि टी20 विश्वकप जीत के बाद भी उन्हें एक्सटेंशन का ईनाम मिल सकता है।
