क्रिकेट

IND vs PAK Match: भारत-पाकिस्तान मैच से पहले मोहम्मद शमी की फैमिली ने की है खास तैयारी

Champions Trophy 2025, IND vs PAK Match: चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 का सबसे रोमांचक मुकाबला रविवार को होने वाला है। टूर्नामेंट के पांचवें मुकाबले में भारत का सामना पाकिस्तान से होगा। इस मुकाबले को खास बनाने के लिए फैंस ने तैयारी पूरी कर ली है। इस मुकाबले के लिए मोहम्मद शमी की फैमिली ने भी खास तैयारी कर ली है।

Image

मोहम्मद शमी के साथ भारतीय टीम के अन्य खिलाड़ी। (फोटो- BCCI X)

Photo : Twitter

Champions Trophy 2025, IND vs PAK Match: भारतीय क्रिकेट टीम पाकिस्तान के खिलाफ 23 फरवरी को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेलने जा रही है। क्रिकेट प्रेमियों के साथ क्रिकेटरों के परिवारों को भी मैच को लेकर उत्सुकता है। भारत-पाक क्रिकेट मैच क्रिकेट की दुनिया की सबसे बड़ी प्रतिद्वंद्विता के तौर पर विख्यात है। इस मुकाबले में मोहम्मद शमी की गेंदबाजी पर भी नजर होगी, जिन्होंने चोट के बाद शानदार वापसी की है। शमी का परिवार भी मैच को लेकर रोमांचित है।

भारत-पाक मैच के अवसर पर शमी के भाई मोहम्मद हसीब ने बताया कि इस मैच को परिवार के लोग एक साथ बैठकर देखेंगे और उन्हें शमी से एक और शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है। शमी ने बांग्लादेश के खिलाफ मैच में 5 विकेट लेकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। भारत ने यह मुकाबला 5 विकेट से जीता था।

मोहम्मद शमी अमरोहा जिले के सहसपुर अली नगर के रहने वाले हैं। भारत-पाक मैच के अवसर पर उनके भाई मोहम्मद हसीब ने बताया, "भारत और पाकिस्तान के मैच में मोहम्मद शमी बहुत अच्छा प्रदर्शन करेंगे। हमारी दुआएं उनके साथ हैं। उन्होंने चोट के बाद बढ़िया वापसी की है और उनसे एक बार फिर बढ़िया प्रदर्शन की उम्मीद है।"

भारत-पाक मैच के रोमांच को देखते हुए शमी का परिवार यहां पर एक बड़ी स्क्रीन लगाकर मैच देखने की व्यवस्था कर रहा है। मोहम्मद हसीब ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा, "कल हमारे यहां बड़ी स्क्रीन लगाकर सब लोग मैच देखेंगे। हमें उम्मीद है भारतीय टीम की जीत होगी।"

बता दें कि शमी ने बांग्लादेश के खिलाफ पहले मैच में 10 ओवर में 53 रन देकर 5 विकेट लिए थे। इसके साथ ही वह वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 200 विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए थे। शमी वनडे में सबसे तेज 200 विकेट लेने के मामले में विश्व के दूसरे सबसे तेज गेंदबाज भी बन गए थे। जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में शमी आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय पेस अटैक की अगुवाई कर रहे हैं।

(आईएएनएस)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article