स्पोर्ट्स

PV सिंधु का वर्ल्ड चैंपियनशिप में धमाकेदार आगाज, आयरलैंड की खिलाड़ी को सिर्फ 29 मिनट में दी मात

Badminton World Championships 2026: दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में सोमवार को खेले गए पहले राउंड के मैच में सिंधु ने आयरलैंड की सोफिया नोबल को सीधे गेमों में 21-7, 21-11 से हराकर अगले राउंड में जगह बना ली। सिंधू ने मात्र 29 मिनट में मैच अपने नाम कर लिया।

Image

पीवी सिंधू का शानदार आगाज (फोटो साभार- BAI Media)

Badminton World Championships 2026: दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने भारत में खेली जा रही 2026 बैडमिंटन वर्ल्ड चैंपियनशिप की शुरुआत शानदार अंदाज में की। दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में सोमवार को खेले गए पहले राउंड के मैच में सिंधु ने आयरलैंड की सोफिया नोबल को सीधे गेमों में 21-7, 21-11 से हराकर अगले राउंड में जगह बना ली। घरेलू दर्शकों के जबरदस्त समर्थन के बीच सिंधु पहले ही प्वाइंट से आक्रामक दिखीं। उन्होंने अपनी ताकतवर स्मैश और तेज फुटवर्क से नोबल को कोर्ट में जमकर दौड़ाया।

सिंधु ने मात्र 12 मिनट में जीता पहला गेम

सिंधु ने पहले गेम में शुरुआत से ही बढ़त बना ली और 11-3 की लीड ले ली। नोबल को सिंधु की गति और सटीकता का कोई जवाब नहीं मिला। एक बार लय में आने के बाद सिंधु ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने लगातार दबाव बनाए रखा और स्कोर को 17-4 तक पहुंचा दिया। नोबल संघर्ष करती रहीं, लेकिन सिंधु की दीवार को तोड़ नहीं पाईं। भारतीय स्टार ने सिर्फ 12 मिनट में पहला गेम 21-7 से अपने नाम कर लिया।

29 मिनट में जीत लिया मैच

दूसरे गेम में नोबल ने वापसी की कोशिश की और थोड़ी जिद दिखाई। लेकिन सिंधु ने शांत रहते हुए मैच पर पकड़ बनाए रखी। उन्होंने रैलियों को नियंत्रित किया और सही समय पर अटैक कर नोबल को डिफेंस में धकेल दिया। सिंधु ने दूसरा गेम भी 21-11 से जीतकर मुकाबला 2-0 से अपने नाम कर लिया। पूरा मैच करीब 29 मिनट तक चला। ये जीत सिंधु के लिए आत्मविश्वास बढ़ाने वाली है। उनकी स्मैश, कोर्ट कवरेज और नेट पर फिनिशिंग सब कुछ आज टॉप पर था।

दिल्ली में हो रहा वर्ल्ड चैंपियनशिप

मैच के बाद सिंधु ने कहा कि घर में फैंस का सपोर्ट उन्हें अतिरिक्त ऊर्जा देता है। उन्होंने अगले राउंड के लिए फोकस बनाए रखने की बात भी कही।वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 दिल्ली में हो रहा है और सिंधु का लक्ष्य तीसरा वर्ल्ड खिताब जीतना है। सिंधू विश्व चैंपियनशिप में एक स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक जीत चुकी है। उन्होंने आखिरी बार विश्व चैंपियनशिप में पदक 2019 में जीता था, जब वह यह प्रतिष्ठित खिताब जीतने वाली पहली भारतीय बनी थीं। 31 वर्षीय सिंधु जुलाई में जापान ओपन सुपर 750 का खिताब जीतकर यहां पहुंची है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article