क्रिकेट

रवींद्र जडेजा ने रचा इतिहास, 350 विकेट और 4000 रन बनाने वाले भारत के पहले स्पिनर

Ravindra Jadeja 350 Not Out: ​​भारत के लिए रवींद्र जडेजा से ज्यादा अनिल कुंबले ने 619 विकेट, आर अश्विन ने 537 विकेट, कपिल देव ने 434 विकेट और हरभजन सिंह ने 417 विकेट लिए हैं। विकेटों के मामले में जडेजा भारत के 5वें सबसे सफल गेंदबाज हैं।

Image

रवींद्र जडेजा का कमाल (फोटो साभार- BCCI)

Ravindra Jadeja 350 Not Out: टीम इंडिया के ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने टेस्ट क्रिकेट में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। जडेजा भारत के लिए टेस्ट में 350 विकेट लेने वाले पहले बाएं हाथ के स्पिनर बन गए हैं। इसके साथ ही उन्होंने 4000 रन और 350 विकेट का अनोखा डबल भी पूरा कर लिया है। जडेजा ने ये कारनामा अपने 90वें टेस्ट में हासिल किया। टेस्ट में उनके नाम अब 350 विकेट और 4108 रन दर्ज हैं।

भारत के 5वें सबसे सफल गेंदबाज

भारत के लिए रवींद्र जडेजा से ज्यादा अनिल कुंबले ने 619 विकेट, आर अश्विन ने 537 विकेट, कपिल देव ने 434 विकेट और हरभजन सिंह ने 417 विकेट लिए हैं। विकेटों के मामले में जडेजा भारत के 5वें सबसे सफल गेंदबाज हैं। 350 विकेट के साथ जडेजा अब दुनिया के तीसरे सबसे सफल बाएं हाथ के स्पिनर हैं। उनसे आगे सिर्फ श्रीलंका के रंगना हेराथ 433 विकेट और न्यूजीलैंड के डेनियल विटोरी 362 विकेट हैं। इंग्लैंड के डेरेक अंडरवुड 297 और बांग्लादेश के तैजुल इस्लाम 271 विकेट के साथ उनसे पीछे हैं। कम से कम 125 विकेट लेने वाले बाएं हाथ के स्पिनर्स में जडेजा का स्ट्राइक रेट 58.1 है। इस मामले में सिर्फ केशव महाराज 56.4 का स्ट्राइक रेट उनसे बेहतर है।

एलीट क्लब में शामिल हुए जडेजा

किसी भी ऑलराउंडर के लिए टेस्ट क्रिकेट में 4000+ रन बनाना और 350+ विकेट लेना सपना होता है। जडेजा से पहले ये कारनामा सिर्फ 3 खिलाड़ी कर सके हैं। इससे पहले भारत के महान ऑलराउंडर कपिल देव 5248 रन और 434 विकेट का डबल बना चुके हैं। वहीं इयान बॉथम 5200 रन तथा 383 विकेट और डेनियल विटोरी 4531 रन तथा 362 विकेट का डबल बना चुके हैं। इस लिस्ट में जडेजा चौथे नंबर पर हैं।

आंकड़े देते हैं लंका प्रेम की गवाही

श्रीलंका के खिलाफ 8 टेस्ट में जडेजा ने 10 पारियों में अब तक 339 रन बना लिए हैं। इस दौरान उनका औसत 56.50 का है। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ एक शतक और एक अर्धशतक जड़ा है और उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 175 रनों का है। वहीं गेंद से उन्होंने लंका के खिलाफ अब तक सिर्फ 24.00 की औसत से 35 विकेट झटक लिए हैं। इस दौरान उन्होंने दो बार पारी में 5 विकेट भी लिए हैं और उनका बेस्ट प्रदर्शन 5/41 रहा है। अगर सभी फॉर्मेट की बात करें तो 48 अंतरराष्ट्रीय मैचों में जडेजा ने श्रीलंका के खिलाफ 804 रन बनाए हैं और 68 विकेट लिए हैं। यानी बल्ले और गेंद दोनों से उन्होंने लंकाई टीम को खूब नचाया है। वहीं जडेजा के नाम 90 टेस्ट मैचों में कुल 350 विकेट और 4108 रन दर्ज हैं। इस दौरान वह 15 बार पारी में 5 विकेट और 3 बार 10 विकेट लेने का कारनामा भी कर चुके हैं।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article