देश

Nitin Nabin New Team: तेजस्वी सूर्या, स्मृति ईरानी; ... BJP की नई टीम में किस नेता ने किसे किया रिप्लेस? पढ़ें पूरी लिस्ट

Nitin Nabin Gets A New Team: बीजेपी ने अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया है। टीम में 10 महिलाओं और अल्पसंख्यक समुदाय के 6 नेताओं को जगह दी गई है। स्मृति ईरानी, राम माधव और वसुंधरा राजे जैसे पुराने चेहरों की वापसी हुई है। वहीं अमित मालवीय की जगह दीपक म्हस्के को आईटी/सोशल मीडिया की जिम्मेदारी और तेजस्वी सूर्या की जगह हेमांग जोशी को युवा मोर्चे की कमान दी गई है। कई महासचिवों और विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है।

Image

नितिन नवीन की नई टीम में कई दिग्गजों को अहम जिम्मेदारी दी गई है। AI IMAGE

Nitin Nabin Gets A New Team: भाजपा ने सोमवार को पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में अपनी नयी राष्ट्रीय टीम में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी सहित 10 महिलाओं और अल्पसंख्यक समुदायों के छह नेताओं को जगह दी। पार्टी नेताओं ने राष्ट्रीय पदाधिकारियों की नयी टीम को अनुभवी प्रशासनिक और संगठनात्मक अनुभव, युवा जोश, भौगोलिक विविधता और व्यापक सामाजिक समावेश का एक रणनीतिक संयोजन बताया। पार्टी के इस संगठनात्मक फेरबदल में कई पुराने चेहरों की वापसी हुई है, जबकि कुछ नेताओं को उनकी मौजूदा जिम्मेदारियों से हटाकर नए चेहरों को मौका दिया गया है।

स्मृति ईरानी और राम माधव की वापसी

नई टीम में सबसे ज्यादा चर्चा स्मृति ईरानी और राम माधव की वापसी को लेकर है। स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है, जबकि राम माधव को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा पूर्व राजस्थान मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की टीम में शामिल हैं। नई राष्ट्रीय टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, 8 राष्ट्रीय महासचिव और 16 राष्ट्रीय सचिव शामिल हैं। पार्टी ने संगठन के अलग-अलग मोर्चों में भी नए चेहरों को जिम्मेदारियां दी हैं।

अमित मालवीय की जगह दीपक म्हस्के

बीजेपी के डिजिटल संगठन में भी बड़ा बदलाव किया गया है। लंबे समय से पार्टी के आईटी से जुड़े प्रमुख चेहरों में शामिल अमित मालवीय को इस जिम्मेदारी से हटा दिया गया है। उनकी जगह दीपक म्हस्के को आईटी और सोशल मीडिया तंत्र की जिम्मेदारी दी गई है। म्हस्के के साथ प्रीति गांधी, शिवानंद द्विवेदी, आलोक भट्ट और अरुण यादव को सोशल मीडिया सह-संयोजक बनाया गया है।

युवा मोर्चा की कमान भी बदली

पार्टी ने युवा मोर्चे में भी बड़ा बदलाव किया है। तेजस्वी सूर्या की जगह हेमांग जोशी को भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) की जिम्मेदारी दी गई है। यानी नई टीम में डिजिटल संगठन के साथ-साथ युवा मोर्चे में भी नेतृत्व परिवर्तन किया गया है।

कई महासचिवों की जिम्मेदारियां बदलीं

महासचिव स्तर पर भी कई बदलाव हुए हैं। हरिश द्विवेदी को अरुण सिंह की जगह, स्मृति ईरानी को राधा मोहन दास अग्रवाल की जगह, सतीश पूनिया को तरुण चुघ की जगह और गजेंद्र पटेल को दुष्यंत गौतम की जगह महासचिव बनाया गया है। वहीं बिप्लब कुमार देब और संजय भाटिया को भी महासचिव बनाया गया है।

पीयूष गोयल बने राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष

नई टीम में पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने राजेश अग्रवाल की जगह ली है। इसके अलावा पार्टी के विभिन्न मोर्चों में भी नेतृत्व परिवर्तन किया गया है। महिला मोर्चा में रूप कुमारी चौधरी, ओबीसी मोर्चा में अमरपाल मौर्य, किसान मोर्चा में बंसीलाल गुर्जर, एससी मोर्चा में शिवेश कुमार राम, एसटी मोर्चा में मंगालम रावत और अल्पसंख्यक मोर्चा में कुंवर बासित अली को जिम्मेदारी दी गई है।

महिलाओं और सामाजिक प्रतिनिधित्व पर भी जोर

नई टीम में महिलाओं और विभिन्न सामाजिक समूहों को प्रतिनिधित्व देने पर भी जोर दिखाई देता है। रिपोर्टों के मुताबिक, 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों में 6 महिलाएं हैं। इससे पार्टी संगठन के शीर्ष स्तर पर महिला प्रतिनिधित्व बढ़ाने का संकेत मिलता है।

बीजेपी की नई टीम में किस नेता ने किसे रिप्लेस किया?

हरिश द्विवेदी → अरुण सिंह : राष्ट्रीय महासचिव

स्मृति ईरानी → राधा मोहन दास अग्रवाल : राष्ट्रीय महासचिव

सतीश पूनिया → तरुण चुघ : राष्ट्रीय महासचिव

गजेंद्र पटेल → दुष्यंत गौतम : राष्ट्रीय महासचिव

हेमांग जोशी → तेजस्वी सूर्या : युवा मोर्चा अध्यक्ष

दीपक म्हस्के → अमित मालवीय : आईटी/सोशल मीडिया की जिम्मेदारी

पीयूष गोयल → राजेश अग्रवाल : राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष

रूप कुमारी चौधरी → वनाथी श्रीनिवासन : महिला मोर्चा अध्यक्ष

अमरपाल मौर्य → के. लक्ष्मण : ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष

बंसीलाल गुर्जर → राजकुमार चाहर : किसान मोर्चा अध्यक्ष

शिवेश कुमार राम → लाल सिंह आर्य : एससी मोर्चा अध्यक्ष

मंगलम रावत → समीर ओरांव : एसटी मोर्चा अध्यक्ष

कुंवर बासित अली → जमाल सिद्दीकी : अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article