क्रिकेट

IND vs SA 1st Test: टेम्बा बावुमा के मुरीद हुए टीम इंडिया के पूर्व कप्तान, उठाए टीम इंडिया रणनीति पर सवाल

कोलकाता टेस्ट में टीम इंडिया के खिलाफ दक्षिण अफ्रीकी टीम की जीत के बाद अनिल कुंबले ने टेम्बा बावुमा की जमकर तारीफ की है और टीम इंडिया की मैच के तीसरे दिन की रणनीति पर सवाल उठाए हैं।

Image

टेम्बा बावुमा

Photo : AP

कोलकाता: अपने जमाने के दिग्गज क्रिकेटर अनिल कुंबले ने रविवार को कोलकाता में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में भारत की 30 रन से हार के बाद कहा कि ईडन गार्डन्स की चुनौतीपूर्ण पिच पर तीसरे दिन का खेल के शुरू में मुख्य तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को गेंद नहीं सौंपना सवाल पैदा करता है। भारतीय टीम 124 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 93 रन पर आउट हो गई और इस तरह से पहला टेस्ट मैच तीसरे दिन दूसरे सत्र में ही समाप्त हो गया।

बुमराह से क्यों नहीं करवाई गेंदबाजी की शुरुआत?

कुंबले ने जियो हॉटस्टार पर कहा,'124 रन का लक्ष्य थोड़ा ज़्यादा था। दक्षिण अफ्रीका को दिन की शुरुआत में केवल 63 रन की बढ़त हासिल थी और उसके तीन विकेट बचे हुए थे। तेम्बा बावुमा अभी खेल रहे थे। ऐसी परिस्थितियों में फैला हुआ क्षेत्ररक्षण और अपने सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को पहला ओवर न देना सवाल खड़े करता है। दक्षिण अफ्रीका के आज गिरे तीनों विकेट तेज गेंदबाजों ने लिए।'

बावुमा को नहीं मिलता है श्रेय, जिसके हैं वो हकदार

कुंबले ने दक्षिण अफ्रीका के कप्तान बावुमा की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस साल की शुरुआत में टीम को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में जीत दिलाने के बावजूद उन्हें हमेशा वह श्रेय नहीं मिलता जिसके वह हकदार हैं। उन्होंने कहा,'कुल मिलाकर भारत दक्षिण अफ्रीका से पिछड़ गया। इसका श्रेय बावुमा को जाता है। उन्हें कप्तान के रूप में वह पहचान नहीं मिली जिसके वे हकदार हैं। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के लिए कप्तान के रूप में 11 में से 10 टेस्ट मैच जीते हैं और उनके लिए टेस्ट चैम्पियनशिप जीती है। उन्हें उस तरह का श्रेय नहीं मिलता जो अंतरराष्ट्रीय स्तर के अन्य कप्तानों को मिलता है।'

बल्लेबाज के रूप में भी शानदार हैं बावुमा

पूर्व भारतीय कप्तान ने कहा, 'बल्लेबाज़ के रूप में भी उन्होंने दो बेहतरीन पारियां खेली हैं। पहली विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में और दूसरी अब यहां। उन्होंने एक खिलाड़ी और कप्तान दोनों रूप में शानदार प्रदर्शन किया है।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article