वायरल न्यूज़

सीढ़ियों के बीच में फंस गया सांड का सिर, छुड़ाने में 'शेर' जैसा कलेजा दिखा गए युवक, देखें Viral Video

Viral Video: सड़क पर एक काले रंग का भारी-भरकम सांड अपनी गर्दन में लोहे की सीढ़ी फंसाकर घूमता नजर आया। सीढ़ी का ढांचा उसके सींग और गर्दन के बीच ऐसा अटका कि सांड को कुछ समझ ही नहीं आ रहा था और वह सड़कों पर इधर-उधर भटक रहा था। स्थानीय युवकों और राहगीरों ने हिम्मत दिखाई, सांड को एक जगह रोका और भारी मशक्कत के बाद सीढ़ी को सुरक्षित बाहर निकाला।

Image

सांड के लिए 'मसीहा' बने लोग (तस्वीर साभार- @gharkekalesh)

Viral Video: सोशल मीडिया की दुनिया में आए दिन ऐसे वीडियो (Trending Video) सामने आते रहते हैं, जिन्हें देखकर कभी हंसी नहीं रुकती, तो कभी हैरत होती है। ऐसा ही एक ताजा और बेहद दिलचस्प वीडियो इन दिनों लोगों के बीच छाया हुआ है। वीडियो में एक विशालकाय काला सांड सड़क पर टहलता हुआ नजर आ रहा है, लेकिन अचरज की बात यह है कि उसके गले में कोई माला नहीं, बल्कि लोहे की पूरी सीढ़ी का ढांचा अटका हुआ है। जिस तरह का नजारा था उसे देखकर लोग हैरान रह गए। हालांकि, लोगों ने हिम्मत दिखाकर उसकी मदद की और सीढ़ी को बाहर निकाला।

    वीडियो की शुरुआत में देखा जा सकता है कि बारिश से भीगी सड़क पर गाड़ियों और ई-रिक्शा के बीच सांड बिल्कुल बेफिक्र अंदाज में चल रहा है। उसके सींग और सिर लोहे की सीढ़ी के फ्रेम में बुरी तरह फंसे हुए हैं। पहली नजर में देखकर ऐसा लगता है मानो सांड कोई नया 'फैशन ट्रेंड' सेट कर रहे हों या फिर किसी छत पर चढ़ने की गुप्त योजना बना रहे हों। सड़क से गुजरते लोग भी यह नजारा देखकर दंग रह गए। हालांकि, सांड के लिए यह कोई मजाक नहीं था, वह इस भारी-भरकम सीढ़ी से परेशान होकर इसे निकालने की कोशिश में इधर-उधर भटक रहा था। सांड की यह हालत देखकर स्थानीय युवकों ने तुरंत अपनी समझदारी और हिम्मत का परिचय दिया। पहले एक युवक ने सांड को सहलाकर और पुचकार कर उसका गुस्सा शांत किया और एक शांत गली की तरफ मोड़ा। इसके बाद युवकों ने बेहद सावधानी से सांड को रस्सी से काबू में किया, ताकि वह डरकर किसी पर हमला न कर दे। फिर 3-4 युवकों ने मिलकर सांड के सींगों और कान को बचाते हुए लोहे की सीढ़ी को धीरे-धीरे ऊपर की तरफ खींचा और आखिरकार उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। देखें वीडियो...

    सड़क पर दिखा अनोखा नजारा

    वीडियो देखकर एक पल के लिए आप भी जरूर हैरान हुए होंगे। जिसने भी यह नजारा देखा वो एक पल के लिए हैरान रह गया। एक्स पर इस वीडियो को gharkekalesh नाम के पेज से शेयर किया गया है। वीडियो को लाखों की संख्या में लोग अब तक देख चुके हैं। वहीं, वीडियो पर लोग जमकर कमेंट भी कर रहे हैं। एक यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा कि लगता है नंदी महाराज इंद्रलोक जाने के लिए सीढ़ी ढूंढ रहे थे। एक अन्य यूजर ने लिखा कि भले ही सांड सीढ़ी पहनकर घूम रहा था, लेकिन उन युवकों की हिम्मत को सलाम है जिन्होंने बिना डरे उसकी जान बचाई। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।

    Kaushlendra Pathak
    कौशलेंद्र पाठकauthor

    कौशलेंद्र पाठक टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कार्यरत हैं। मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद उनका सफर ग्राउंड रिपोर्टिंग से डिजिटल डेस्क तक फैला, जहां उन्होंने कंटेंट की विविध शैलियों को नजदीक से समझा। अजब-गजब, अनोखी, सोशल और ट्रेंडिंग कंटेंट पर उनकी गहरी पकड़ और तेज न्यूज सेंस ने उन्हें डिजिटल दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई। वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कौशलेंद्र का ध्यान हमेशा ऐसे कंटेंट पर रहता है जो रीडर्स को नई, दिलचस्प और अनजानी कहानियों से रूबरू कराए—हर बार कुछ अलग, कुछ नया।

    और पढ़ें
    End of Article