पंचकूला : पिंजौर में एक बुटीक संचालिका की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रौनक होटल के सामने वाली गली में स्थित बुटीक के अंदर महिला का गला काटकर हत्या किए जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान राजेंद्र कौर के रूप में हुई है। वह रतपुर कॉलोनी में किराए के मकान में रहती थी और अपना बुटीक चलाती थी।
जानकारी के मुताबिक, महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में बुटीक के बाहर गली में मिली थी। उसके हाथ में एक डायरी भी थी। स्थानीय लोगों ने उसे इस हालत में देखा तो राजू नाम के व्यक्ति को सूचना दी। इसके बाद राजू ने एक बाइक सवार की मदद से महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टर राजीव भारद्वाज ने बताया कि महिला की हालत बेहद गंभीर थी। उसका गला पूरी तरह कटा हुआ था और वह पूरी तरह होश में भी नहीं थी। डॉक्टरों ने महिला को बचाने के लिए उपचार किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। महिला के शव को कालका अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
CCTV में कैद हुई संदिग्ध गतिविधि
घटना की सूचना मिलने के बाद पिंजौर थाना प्रभारी राजेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बुटीक और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक व्यक्ति बुटीक के अंदर जाता हुआ दिखाई दे रहा है। कुछ देर बाद वही व्यक्ति दुकान से बाहर निकलता और शटर बंद करता नजर आता है।
इसके बाद घायल राजेंद्र कौर खुद बुटीक का शटर खोलकर बाहर आती दिखाई देती है। CCTV फुटेज में वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में गली में तड़पती हुई नजर आ रही है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति की पहचान और उसकी गतिविधियों की जांच कर रही है।
डायरी में पति और ससुरालवालों के नाम लिखे होने का दावा
मामले में सबसे अहम सुराग महिला के पास से मिली डायरी को माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार, डायरी में कथित तौर पर लिखा मिला है- ‘मुझे मारने वाला मेरा पति है, प्लीज हेल्प…’ इसके साथ ही महिला ने अपनी सास, दो ननदों प्रीति और नीतू तथा देवर का भी जिक्र किया है।
बताया जा रहा है कि महिला का अपने पति के साथ विवाद चल रहा था। डायरी में लिखी बातों और CCTV फुटेज को पुलिस जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य के तौर पर देख रही है। हालांकि, डायरी में लिखी बातों के आधार पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज, डायरी और घटनास्थल से जुटाए गए अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। हत्या के पीछे की वजह क्या थी और वारदात को किसने अंजाम दिया, इसका स्पष्ट खुलासा पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
