क्रिकेट

IND vs SL: 12 WTC अंक हासिल करने के बेहद करीब टीम इंडिया, दूसरे टेस्ट मैच की दूसरी पारी में श्रीलंका ने गंवाए 6 विकेट

श्रीलंका ने बुधवार को भारत के खिलाफ फॉलोऑन खेलते हुए दूसरे और अंतिम टेस्ट के चौथे दिन स्टंप तक दूसरी पारी में छह विकेट पर 229 रन बनाकर 16 रन की बढ़त हासिल कर ली। बारिश के कारण दिन का खेल जल्दी समाप्त करना पड़ा। पहली पारी में 290 रन पर सिमटने वाली श्रीलंका के लिए स्टंप तक सोनल दिनुशा सात रन और केशारा नुवंथा तीन रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। भारतीय गेंदबाजों में मानव सुथार ने दो जबकि प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, सारांश जैन और रविंद्र जडेजा ने एक एक विकेट झटका।

Image

श्रीलंका के खिलाफ जीत के करीब टीम इंडिया। फोटो- BCCI

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय टीम टेस्ट सीरीज में श्रीलंका के खिलाफ क्लीन स्वीप के बेहद करीब पहुंच गई है। कोलंबो टेस्ट के चौथे दिन का खेल खत्म होने तक श्रीलंका ने दूसरी पारी में छह विकेट के नुकसान पर 229 रन बना लिए हैं। उसे 16 रन की बढ़त मिली है। केशरा नुवंथा (3) और सोनल दिनुशा (7) नाबाद लौटे। दूसरे टेस्ट मैच में भी भारतीय टीम का दबदबा दिखा है। वह WTC के 12 अंक हासिल करने के बेहद करीब पहुंच गई है। चौथे दिन का खेल बारिश के चलते जल्दी खत्म कर दिया गया।

भारत के 503 रन के जवाब में उतरी श्रीलंका की पहली पारी 290 पर सिमट गई थी। सोनल दिनुशा (103) की शतकीय पारी के बाद भी वह फॉलोऑन से 14 रन पीछे रह गए। इसके बाद भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने मेजबान को फॉलोऑन दिया। इसके बाद फॉलोऑन खेलने उतरी श्रीलंका की शुरुआत खराब रही। सिराज ने लाहिरु उदारा को 5 के स्कोर पर पवेलियन भेजकर भारत को पहली सफलता दिलाई। अभी टीम का स्कोर 63 रन पहुंचा था कि जडेजा ने कामिल मिशारा को LBW आउट कर भारत को दूसरी सफलता दिला दी।

पसिंदु और कमिंदु की शतकीय साझेदारी

दो विकेट जल्दी गिरने के बाद पसिंदु और कमिंदु ने टीम को वापसी करने का मौका दिया। दोनों संभलकर खेलते हुए अपने-अपने अर्धशतक पूरे किए। हालांकि, प्रसिद्ध कृष्णा ने कमिंदु मेंडिस को 55 के निजी स्कोर पर आउट कर भारत को फिर से गेम में वापस ला दिया। पसिंदु और कमिंदु ने तीसरे विकेट के लिए 115 रन जोड़े। इसके बाद सुथार ने कप्तान धनंजय डी सिल्वा को 23 के निजी स्कोर पर आउट किया और अपने अगले ही ओवर में भारत को सबसे बड़ी विकेट दिला दी। अपने शतक की तरफ बढ़ रहे पसिंदु को मानव सुथार ने अपनी चालाकी से स्टंप आउट करवा दिया। वह 92 रन बनाकर आउट हुए और भारत ने बड़ी मछली जाल में फंसा ली।

श्रीलंका को बचा सकती है बारिश

फिर सारांश जैन ने निरोशन डिकवेला (6) को आउट कर श्रीलंका की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। हालांकि, भारत आखिरी सत्र में एक दो विकेट और हासिल करना चाहता था, लेकिन ड्रिंक्स ब्रेक के बाद बारिश आ गई और अपंयार्स ने खेल रोकने का फैसला किया। बाद में खराब रोशनी के चलते स्टंप घोषित कर दिया गया। श्रीलंका की पहली पारी में भारत की तरफ से प्रसिद्ध कृष्णा और मानव सुथार ने तीन-तीन विकेट चटकाए। सारांश जैन को दो विकेट मिले। पांचवें दिन भारत मेजबान श्रीलंका को जल्द से जल्द आउट कर मैच जीतना चाहेगा। श्रीलंका को हार से अब मात्र बारिश ही बचा सकती है।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article