Nepal Flash Flood: नेपाल में बुधवार की सुबह ऐसी भयावह तबाही आई, जिसने कई परिवारों को उजाड़ दिया। तिब्बत की ओर से अचानक आई बाढ़ ने रेसुवा जिले में नदी किनारे बसी बस्तियों में भारी तबाही मचाई और कम से कम एक दर्जन जलविद्युत परियोजनाएं ध्वस्त हो गईं।
नेपाल पर्यटन विभाग के मुताबिक, बाढ़ की वजह से 291 विदेशी पर्यटकों का पता नहीं चल पाया है और इनमें भारत के 105 नागरिक भी शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय समयानुसार सुबह करीब नौ बजे तिब्बत की ओर से भोटे कोशी नदी में अचानक बाढ़ आई, जिससे तिब्बत की सीमा से लगे रसुवा और धादिंग जिले तथा काठमांडू के दक्षिण-पश्चिम में स्थित नुवाकोट जिला प्रभावित हुआ। बताया जा रहा है कि अचानक आई बाढ़ की चपेट में आने की वजह से कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई, जबकि सैकड़ों लोग लापता हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, रसुवा में बाढ़ क्षेत्र में बारिश के कारण नहीं आई, बल्कि संभवतः तिब्बत की ओर हुई भारी बारिश या हिमस्खलन के कारण आई है। हालांकि, इसका सटीक कारण अभी पता नहीं चल पाया है। तो चलिए तस्वीरों में देखते हैं कि अचानक आई बाढ़ ने अपने पीछे क्या निशान छोड़े हैं।

नेपाल में आई भीषण तबाही
नुवाकोट जिले में अचानक आई बाढ़ के बाद उफनती और मलबे से भरी त्रिशूली नदी के किनारे एक क्षतिग्रस्त मकान खतरनाक स्थिति में खड़ा दिखाई दे रहा है।

नेपाल में सैलाब की तबाही
त्रिशूली नदी के किनारे मलबा ही मलबा नजर आ रहा है। तस्वीर में कुछ जर्जर मकान भी दिखाई दे रहे हैं। भले ही तस्वीर में पीछे की ओर पहाड़ प्राकृतिक सुदंरता को दर्शा रहे हैं, लेकिन कुछ वक्त पहले आए सैलाब ने कई मकानों और पुल को तबाह कर दिया।

बाढ़ के बाद तबाही का दृश्य
नुवाकोट, रसुवा, धादिंग और चितवन समेत कई निचले जिलों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। नेपाल सेना की मदद से अधिकारियों ने खोज एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया है।

सैलाब ने मचाई भारी तबाही
नेपाल सेना ने एक बयान में बताया कि अचानक जलस्तर बढ़ने से रसुवा जिले के तिमुरे और पास के स्याफ्रुबेसी इलाके में भारी तबाही हुई तथा वाहन, सामान और अन्य संपत्ति बह गई। तस्वीरों में आप मलबे में दबे वाहनों को देख सकते हैं। अचानक आई बाढ़ ने अपने पीछे कई फीट ऊंचा मलबा छोड़ा है।

नेपाल में बाढ़ का कहर
इस बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित रसुवा जिला है, जो काठमांडू से करीब 125 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में तिब्बत सीमा के पास स्थित है।
भारत भेज रहा मदद
सनद रहे कि भारत पड़ोसी देश नेपाल के उत्तरी जिलों में बुधवार सुबह आई अचानक बाढ़ के बाद भारतीय वायुसेना के विमानों से राहत सामग्री भेज रहा है। अधिकारियों ने बताया कि सरकार की मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (HADR) पहल के तहत नेपाल को दवाइयों और राशन समेत आपातकालीन सहायता की खेप भेजी जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, सरकार प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव अभियान शुरू करने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) के बचावकर्मियों को भी नेपाल भेजने की योजना बना रही है।
