स्पोर्ट्स

खचाखच भरा टेनिस कोर्ट, महान रोजर फेडरर लंबे समय बाद कोर्ट पर उतरे, एंडी रॉडिक ने दी मात

Roger Federer Lose To Andy Roddick On Court Comeback: रोजर फेडरर नेआर्थर ऐश स्टेडियम में लंबे समय तक अपने प्रतिद्वंद्वी रहे और करीबी मित्र एंडी रॉडिक के खिलाफ प्रदर्शनी मैच खेल कर अपनी पुरानी यादों को ताजा किया। हालांकि महान फेडरर इस मैच को हार गए। इस दौरान पूरा कोर्ट दर्शकों से खचाखच भरा रहा।

Image

रोजर फेडरर और एंडी रॉडिक का प्रदर्शनी मैच देखने उमड़े हजारों फैंस (X/USOPENTENNIS)

पांच बार के यूएस ओपन चैंपियन रोजर फेडरर ने मंगलवार की रात को आर्थर ऐश स्टेडियम में लंबे समय तक अपने प्रतिद्वंद्वी रहे और करीबी मित्र एंडी रॉडिक के खिलाफ प्रदर्शनी मैच खेल कर अपनी पुरानी यादों को ताजा किया। इस मैच का प्रचार ’एक दिग्गज की न्यूयॉर्क वापसी’ नाम से किया गया था। स्टेडियम दर्शकों से खचाखच भरा था। प्रशंसक स्विट्जरलैंड के 45 वर्षीय खिलाड़ी फेडरर और जल्द ही 44 वर्षीय होने वाले अमेरिकी खिलाड़ी रॉडिक के बीच होने वाले इस प्रदर्शनी मैच को देखने आए थे।

कई दर्शकों ने फेडरर के लघुनाम ’आरएफ’ के लोगो वाली टोपियां पहन रखी थीं, जो 20 बार के ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाले फेडरर के डेढ़ दशक के वर्चस्व के दौरान खेल जगत में आम हो गई थीं। फेडरर ने कहा, "न्यूयॉर्क में वापसी करके बहुत अच्छा लग रहा है। इस कोर्ट से, यहां के प्रशंसकों से और शहर से मेरी कई यादें जुड़ी हैं।" फेडरर ने 1998 में यूएस ओपन के जूनियर टूर्नामेंट में खेलने के लिए पहली बार न्यूयॉर्क आने और फाइनल में पहुंचने की यादें ताजा कीं। इसके तीन साल बाद सीनियर वर्ग में उनका सेंटर कोर्ट पर पहला मैच आंद्रे अगासी से था जिसमें उन्हें सीधे सेटों में हार का सामना करना पड़ा था।

फेडरर ने कहा, ’’उन्होंने मुझे 6-1, 6-2, 6-4 से करारी शिकस्त दी। मेरे पास कोई विकल्प नहीं था। मैंने सोचा, ’ठीक है रोजर, यह इतना आसान नहीं था।’ लेकिन फिर भी मैं इस सेंटर कोर्ट को हमेशा याद रखूंगा।" इसके बाद 2005 में फेडरर ने अगासी को हराकर यूएस ओपन जीता। यह उनका 2008 तक लगातार पांच खिताबों में से दूसरा खिताब था।

फेडरर ने कहा, "आंद्रे के खिलाफ वह मैच बेहद खास था। एक ऐसे दिग्गज के खिलाफ खेलना जो अपने करियर के अंतिम पड़ाव पर थे और हमें एक-दूसरे के खिलाफ खेलने का मौका मिला। मैं यहां फाइनल में जिन भी खिलाड़ियों के खिलाफ खेला, वे सभी यूएस ओपन चैंपियन थे। यह एक अविश्वसनीय सफर रहा है। मुझे बहुत अच्छा लगा।"

यहां 2003 में खिताब जीतने वाले रॉडिक ने अपनी वापसी का श्रेय प्रशंसकों और फेडरर को दिया। रॉडिक ने कहा, "आखिरकार बात रोजर पर आकर टिकती है। ज़ाहिर है हमने कई मैच खेले और उन्होंने मुझे कई बार हराया, लेकिन हम अपने करियर के बीच में भी एक ऐसी दोस्ती बनाए रखने में कामयाब रहे जो अब तक कायम है और उम्मीद है कि हमेशा बनी रहेगी। बात बस इतनी सी है कि जब रोजर आपको बुलाए तो आपको आना ही पड़ेगा।"

फेडरर ने आखिरी बार 2019 में यूएस ओपन में हिस्सा लिया था। उन्होंने रॉडिक के खिलाफ एक सेट का एकल मैच खेलने के बाद जॉन मैकनरो के साथ जोड़ी बनाकर रॉडिक और अगासी के खिलाफ प्रदर्शनी युगल मैच भी खेला।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!