क्रिकेट

AFG vs PAK 2nd T20I: अफगानिस्तान के खिलाफ फिर पस्त हुआ पाकिस्तान, गंवाई सीरीज

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Mar 27, 2023, 05:30 AM IST

Afghanistan vs Pakistan 2nd T20I: पाकिस्तान की टीम को अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैच की टी20 सीरीज के शारजाह में खेले गए दूसरे मुकाबले में विकेट के अंतर से हार का सामना करना पड़ा है। इसी के साथ पाकिस्तान ने सीरीज भी गंवा दी है।

Image

राशिद खान और शादाब खान(साभार ACB Media)

Photo : Twitter

शारजाह: राशिद खान की कप्तानी वाली अफगानिस्तान क्रिकेट टीम ने रविवार को खेले गए सीरीज के दूसरे टी20 में पाकिस्तानी टीम को 7 विकेट के अंतर से मात देकर तीन मैच की सीरीज पर 2-0 के अंतर से एक मैच शेष रहते कब्जा कर लिया। मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 130 रन का स्कोर खड़ा किया। इसके बाद जीत के लिए मिले 131 रन के लक्ष्य को अफगानिस्तान ने 19.5 ओवर में 7 विकेट शेष रहते हासिल कर लिया। रहमतउल्लाह गुरबाज ने 49 गेंद में 44, इब्राहिम जदरान ने 40 गेंद में 38, नजीबु्ल्लाह जादरान ने 12 गेंद में 23* और मोहम्मद नबी ने 9 गेंद पर 14* रन की पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई। 4 ओवर में 19 रन देकर 2 विकेट लेने वाले फजल्लाह फारूकी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

130 रन का स्कोर खड़ा कर सका पाकिस्तान, इमाद ने जड़ा पचासा

बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान के बगैर शादाब खान की कप्तानी में खेल रही पाकिस्तान की टीम एक बार फिर अपने पड़ोसी को पटखनी देने में नाकाम रही। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की टीम अफगानिस्तान की कसी हुई गेंदबाजी के सामने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 130 रन का स्कोर खड़ा कर सकी। इमाद वसीम ने सबसे ज्यादा 57 गेंद पर 64 रन और शादाब खान की 25 गेंद पर 32 की पारी खेली। वहीं 15 रन का योगदान मोहम्मद हारिस ने और 13 रन का तैय्यद ताहिर ने दिया।

पहले ही ओवर में पाकिस्तान ने गंवाए दो विकेट

पाकिस्तान ने पारी के पहली ही ओवर में सलामी बल्लेबाज सैम अय्यूब(0) और अब्दुल्लाह शफीक(0) के विकेट गंवा दिए थे। फजलहक फारूकी ने ये दोनो विकेट हासिल किए। इसके बाद 20 के स्कोर पर तीसरा झटका नवीन उल हक ने दिया। हारिस 15 रन बनाकर विकेट के पीछे लपके गए। हारिस के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए इमाद वसीम ने एक छोर संभाला और अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम को 100 रन के पार पहुंचाया। इस दौरान उन्हें कप्तान शादाब खान से भी सहयोग मिला। वो 32 रन बनाकर पारी की आखिरी गेंद पर रन आउट हुए। अफगानिस्तान के लिए सबसे ज्यादा 2 विकेट फारूकी ने लिए। वहीं 1-1 सफलता नवीन उल हक, राशिद खान और करीम जन्नत के खाते में आईं।

गुरबाज और इब्राहिम ने पहुंचाया 100 रन के करीब

जीत के लिए 131 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तानी टीम को रहमानुल्लाह गुरबाज और उस्मान घनी ने सधी हुई शुरुआत दिलाई। दोनो ने पहले विकेट के लिए 30 रन जोड़े। लेकिन उस्मान रन बनाकर जमान खान की गेंद पर चौथे ओवर की चौथी गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए इब्राहिम जादरान ने गुरबाज का साथ दिया। दोनों ने मिलकर टीम को 50 रन के पार पहुंचा दिया। 86 के स्कोर पर 16वें ओवर की तीसरी गेंद पर दूसरा झटका अफगानिस्तान को लगा। गुरबाज 44 रन बनाकर रन आउट हो गए।

नबी और नजीबुल्लाह ने कराया बेड़ा पार

गुरबाज के पवेलियन लौटने के बाद नजीबुल्लाह जादरान ने इब्रागिम के साथ मिलकर टीम को 100 रन के पार पहुंचाया। 18वें ओवर की दूसरी गेंद पर इब्राहिम 38(40) रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद अंत में नजीबुल्लाह और मोहम्मद नबी ने एक गेंद और विकेट शेष रहते अफगानिस्तान को मैच और सीरीज में जीत दिला दी। नजीबु्ल्लाह जादरान ने 12 गेंद में 23* और मोहम्मद नबी ने 9 गेंद पर 14* रन बनाकर नाबाद रहे। पाकिस्तान के लिए 1-1 विकेट जमान खान और इशानु्ल्लाह ने चटकाए।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article