स्पोर्ट्स

BWF World Championships 2023: सेमीफाइनल में एचएस प्रणॉय को मिली हार, कांस्य पदक के साथ खत्म हुआ विश्व चैंपियनशिप में सफर

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Aug 26, 2023, 10:28 PM IST

भारत के एचएस प्रणॉय को बीडब्लूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में थाईलैंड के खिलाड़ी कुन्लावुट वितिसार्न के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा है। उनका विश्व विजय का सपना इसके साथ ही समाप्त हो गया।

Image

एचएस प्रणॉय

कोपनहेगन: भारत के 31 वर्षीय एचएस प्रणॉय को थाइलैंड के 22 वर्षीय कुन्लावुट वितिसार्न के खिलाफ सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही उनका वर्ल्ड चैंपियन बनने का सपना चकनाचूर हो गया। विक्टर एक्सेलसेन को क्वार्टर फाइनल में करारी मात देकर सेमीफाइनल में पहुंचे प्रणॉय अपने उस फॉर्म को थाई खिलाड़ी के खिलाफ बरकरार नहीं रख सके। उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। प्रणॉय ने सेमीफाइनल मुकाबले में शानदार शुरुआत की और 21-18 के अंतर से पहले गेम अपने नाम कर लिया। इसके बाद दूसरे गेम में वितिसार्न ने शानदार वापसी करते हुए 13-21 के अंतर से जीत दर्ज हासिल करके मैच में वापसी कर ली। ऐसे में तीसरे गेम में हार जीत का फैसला हुआ। जिसे वितिसार्न ने 14-21 के अंतर से अपने नाम कर लिया।

लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंचे वितिसार्न

वितिसार्न केंटो मोमोटा के बाद लगातार दो बार वर्ल्ड चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने वाले दूसरे खिलाड़ी बने हैं। जापान के मोमोटा साल 2018 और 2019 में लगातार दो बार वर्ल्ड चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचे थे। पिछले साल वितिसार्न को फाइनल में हार का मुंह देखना पड़ा था। उनके खाते में सिल्वर मेडल गया था। इस बार उसे गोल्ड में तब्दील करने का उनका पास शानदार मौका है।

पहले दो गेम में रही बराबरी

पहले गेम में दोनों खिलाड़ी शुरुआत में बराबरी पर लग रहे थे। मुकाबला 5-5 की बराबरी पर था लेकिन इसके बाद प्रणॉय ने बढ़त बनाई और विरोधी थाई खिलाड़ी को वापसी मौका नहीं दिया और 21-18 के अंतर से पहला गेम अपने नाम कर लिया। दूसरे गेम में भी शुरुआत पहले गेम जैसी ही रही। एक समय दोनों खिलाड़ी 7-7 अंक की बराबरी पर थे। लगातार 7 अंक हासिल करके वितिसार्न ने गेम को पूरी तरह अपनी ओर मोड़ लिया और प्रणॉय को वापसी का मौका नहीं दिया। अंत में गेम वितिसार्न ने 13-21 के अंतर से अपने नाम कर लिया।

थाई प्लेयर ने नहीं दिया प्रणॉय को वापसी का मौका

तीसरे और निर्णायक गेम में वितिसार्न ने शानदार शुरुआत की और 8-5 की बढ़त बना ली। प्रणॉय ने इसके बाद वापसी की और स्कोर को 8-7 कर दिया। लेकिन इस लय को प्रणॉय बरकरार नहीं रख सके और ब्रेक तक 11-7 की बढ़त बना ली। ब्रेक के बाद प्रणॉय ने वापसी की पुरजोर कोशिश की और स्कोर 14-10 हो गया। लेकिन वितिसार्न ने फिर सर्विस ब्रेक करके पांच अंक की बढ़त बना ली। 22 वर्षीय वितिसार्न के खिलाफ 31 वर्षीय प्रणॉय निर्णायक मुकाबले में थके लग रहे थे। स्कोर 17-13 तक भी पहुंचा लेकिन प्रणॉय अंतर कम करने में नाकाम रहे और अंत में वितिसार्न ने 21-14 के अंतर से गेम और मैच अपने नाम करने में सफल रहे।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article