आईपीएल 2026 के 29वें मैच में पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 54 रन से मात दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब ने सीजन का सबसे बड़ा स्कोर 254 रन बोर्ड पर लगा दिया। इसके जवाब में लखनऊ की टीम 200 रन ही बना सकी।
सरपंच के नाम से प्रसिद्ध हुए श्रेयस अय्यर की कप्तानी में इस सीजन पंजाब किंग्स की लगातार पांचवीं जीत है। इस जीत के साथ ही पंजाब किंग्स ने आईपीएल के इतिहास में वो कर दिखाया जो इससे पहले किसी भी टीम ने नहीं किया था।
पंजाब किंग्स आईपीएल के एक सीजन में शुरुआती के 6 मैच में पांच जीतने वाली पहली टीम बन गई है। इस सीजन पंजाब किंग्स ने अभी तक कुल 6 मुकाबले खेले हैं, जिसमें पांच जीते हैं और एक मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया है।
पिछले सीजन की ही तरह श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब ने झंडे गाड़ दिये हैं। पंजाब ने मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से मात दी। यह मैच वानखेड़े में खेला गया था, जिसमें मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 195 रन बनाए थे। इसके जवाब में पंजाब ने 16.3 ओवर में जीत दर्ज कर ली।
गुजरात को पंजाब ने तीन विकेट से धूल चटाई। वहीं, धाकड़ बल्लेबाजों से भरी सनराइजर्स हैदराबाद को 6 विकेट से मात देकर अपनी जीत का कारवां आगे बढ़ाया।
मुल्लांपुर में खेले गए अपने दूसरे मुकाबले में पंजाब किंग्स ने पांच बार की आईपीएल चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स को पांच विकेट से धूल चटाई। इसके साथ ही श्रेयस अय्यर की टीम ने ऐलान कर दिया कि वह साल 2025 का अधूरा सपना पूरा करने उतरी है।
पंजाब का कोलकाता के साथ का मैच बारिश के चलते रद्द हो गया था। यह मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स में आयोजित था। हालांकि, बारिश के चलते मैच पूरा नहीं हो सका और दोनों टीमों को एक-एक अंक दिए गए। पंजाब किंग्स फिलहाल 11 प्वाइंट्स के साथ टॉप पर है। साथ ही आईपीएल 2026 में 10 अंक हासिल करने वाली पहली टीम बनी।