J&K Traffic Alert: जम्मू-कश्मीर में पिछले कुछ दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के बाद नेशनल हाईवे और संपर्क मार्गों को भारी नुकसान पहुंचा है। हालात की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने आज जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह निलंबित कर दी है। यह फैसला राजमार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्सों की तत्काल मरम्मत और बहाली कार्य पूरा करने के लिए लिया गया है। SSP ट्रैफिक (NHW) रजा आदिल हामिद ने संवाददाताओं को बताया कि उधमपुर और रामबन जिलों के कई हिस्सों में लगातार बारिश के कारण सड़क का ढांचा काफी क्षतिग्रस्त हो गया है।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 31 जुलाई (शुक्रवार) को NH-44 पर कोई भी वाहन नहीं चलेगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) उधमपुर और रामबन जिलों के प्रभावित हिस्सों में युद्धस्तर पर मरम्मत का काम कर रहा है। सभी यात्रियों से अपील है कि वे नई एडवाइजरी जारी होने तक NH-44 पर यात्रा से बचें।
रामबन-गूल मार्ग पूरी तरह बह गया
दूसरी ओर, रामबन जिले में भी भारी बारिश और भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई है। रामबन के डिप्टी कमिश्नर मोहम्मद अलियास खान ने अधिकारियों के साथ परनोट क्षेत्र का दौरा किया, जहां जमीन धंसने और भूस्खलन के कारण रामबन-गूल मार्ग का एक बड़ा हिस्सा बह गया है। डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि BRO और अन्य संबंधित विभागों के सहयोग से भारी मशीनरी तैनात कर संपर्क मार्ग को बहाल करने का काम जारी है।
अमरनाथ यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था सख्त
एक तरफ जहां प्राकृतिक आपदा के कारण सड़कों की मरम्मत का काम चल रहा है, वहीं दूसरी तरफ जारी अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा को लेकर भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। राजमार्ग पर तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया टीमों (QRT) की गश्त बढ़ा दी गई है और रात के समय निगरानी बढ़ा दी गई है। रामबन के बनिहाल क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने संयुक्त चेकिंग अभियान चलाकर गाड़ियों की सघन तलाशी ली है ताकि यात्रा और आम जनता की आवाजाही पूरी तरह सुरक्षित बनी रहे।
