अपनी बातें बेबाकी से रखने के लिए मशहूर रविचंद्रन अश्विन ने अगले साल दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप के लिए अभी से अपनी पसंदीदा टीम इंडिया चुन ली है। इसमें एक चौंकाने वाला नाम भी शामिल किया है। आइए देखते हैं उन्होंने किनको-किनको टीम में जगह दी है।
रविचंद्रन अश्विन चाहते हैं कि अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार, जो अभी टीम से बाहर चल रहे हैं, वो 2027 ICC क्रिकेट वर्ल्ड कप की टीम में शामिल हों। भुवनेश्वर ने आखिरी बार नवंबर 2022 में T20I फ़ॉर्मेट में भारत का प्रतिनिधित्व किया था और उसी साल आखिरी बार ODI खेला था। तब से, चोटों के इतिहास और बढ़ती उम्र (अभी 36 साल) के कारण टीम मैनेजमेंट ने उन्हें टीम से बाहर रखा है। हालांकि, उन्होंने आईपीएल में लगातार दिखाया है कि वाइट-बॉल क्रिकेट में वो कितने कारगर साबित हो सकते हैं। उन्होंने आईपीएल 2026 में दूसरे नंबर पर सबसे ज्यादा 28 विकेट लिए।
यू-ट्यूब पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में अश्विन ने कहा- भुवनेश्वर कुमार के लिए मेरी राय 'हां' है। मैं उनसे बात करूंगा। उन्हें सभी टूर्नामेंट - फ़र्स्ट-क्लास, विजय हज़ारे, सब कुछ खेलने के लिए कहूंगा और दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए उन्हें पूरी तरह तैयार करूंगा। मुझे लगता है कि हमें वहां उनकी ज़रूरत होगी।
अश्विन ने अपनी टीम में दिग्गज रोहित शर्मा और विराट कोहली के साथ-साथ श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, वनडे कप्तान शुभमन गिल, अक्षर पटेल, हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह जैसे अहम खिलाड़ियों को शामिल किया।
अश्विन ने जिन दो युवा खिलाड़ियों को चुना, उनमें तेज गेंदबाज हर्षित राणा को चुना, अश्विन के मुताबिक हर्षित का कद और रफ्तार दक्षिण अफ्रीका की तेज पिचों पर काम आएगी। इसके अलावा उन्होंने विकेटकीपर-बल्लेबाज़ ईशान किशन को भी अपनी टीम में शामिल किया है।
इस दिग्गज ऑलराउंडर ने अपनी वर्ल्ड कप टीम में कुलदीप यादव को अपना मुख्य स्पिनर चुना और तेज गेंदबाज़ी की कमान संभालने के लिए जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज को भुवनेश्वर कुमार के साथ चुना है।
जिन नामों को अश्विन ने पूरी तरह से दरकिनार किया वो हैं विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन, भारत के T20 ओपनर अभिषेक शर्मा, स्टार विकेटकीपर ऋषभ पंत, स्पिनर रवि बिश्नोई, ऑलराउंडर शिवम दुबे, तेज गेंदबाज प्रिंस यादव और गुरनूर बराड़।
अश्विन कुछ खिलाड़ियों के चयन को लेकर पक्के नहीं थे, जिनमें ओपनर यशस्वी जायसवाल, ऋतुराज गायकवाड़, वरुण चक्रवर्ती, उनके लंबे समय के स्पिन जोड़ीदार रवींद्र जडेजा, नीतीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा शामिल हैं।