स्पेन के सेउटा में हजारों की संख्या में अवैध प्रवासियों ने घुसपैठ की है। मोरक्को की सीमा से हजारों प्रवासियों के एक साथ सीमा पार करने की कोशिश की, जिसके बाद हालात बेकाबू हो गए।इस दौरान कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं। हालात की गंभीरता को देखते हुए स्पेन सरकार ने सीमा पर सेना तैनात करने का फैसला किया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हजारों प्रवासी समुद्र के रास्ते तैरकर और पैदल सीमा पार कर स्पेन के क्षेत्र सीयुटा में पहुंचने की कोशिश कर रहे थे। अचानक हुई इस भारी संख्या में घुसपैठ से स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों पर दबाव बढ़ गया। प्रवासियों में बड़ी संख्या युवा पुरुषों की थी, हालांकि कुछ परिवार और बच्चे भी इस भीड़ का हिस्सा बताए गए हैं।
सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल
बॉर्डर पार करने के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वीडियो फुटेज में ताराजल बीच पर बने तटबंधों के चारों ओर घूमते हुए लोगों की भीड़ दिखाई दी, जिनमें ज्यादातर मोरक्कोवासी थे। ये लोग काफी संख्या में युवा पुरुष थे, लेकिन इनमें महिलाएं और बच्चे सहित परिवार भी शामिल थे।
मैड्रिड से अतिरिक्त सुरक्षा भेजने की मांग
सेउटा प्रशासन ने स्थिति को हाल के वर्षों का सबसे बड़ा सीमा संकट बताया और मैड्रिड से तत्काल अतिरिक्त सुरक्षा बल भेजने की मांग की। इसके बाद स्पेन सरकार ने सेना को सिविल गार्ड की सहायता के लिए तैनात करने का निर्णय लिया। प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज़ और गृह मंत्री के भी हालात का जायजा लेने सीयुटा पहुंचने की जानकारी सामने आई है।
इस बीच, प्रवासियों के लिए बनाए गए अस्थायी राहत केंद्र पूरी तरह भर चुके हैं। कई लोगों को खुले में रात गुजारनी पड़ रही है। स्पेन और मोरक्को के अधिकारी सीमा पर हालात को नियंत्रित करने के लिए आपसी समन्वय के साथ काम कर रहे हैं ताकि आगे और लोगों की अवैध घुसपैठ रोकी जा सके।
