ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे वनडे मैच में जिम्बाब्वे को 84 रन से मात देकर तीन मैच की सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त हासिल कर ली है। हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 356 रन का विशाल स्कोर बनाया। इसके जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 48.3 ओवर में 272 रन बनाकर सिमट गई। एडम जम्पा ने दो विकेट चटकाए। इन दो विकेटों की मदद से जम्पा ने वनडे क्रिकेट में इतिहास रच दिया।
जिम्बाब्वे के खिलाफ एडम जम्पा ने 9 ओवर में 62 रन देकर दो विकेट चटकाए। इसकी मदद से जम्पा ने अपने वनडे करियर में 200 विकेट पूरे किए। एडम जम्पा यह उपलब्धि हासिल करने वाले ऑस्ट्रेलिया के 7वें गेंदबाज बने। उन्होंने ब्रेट ली और मैक्ग्रा की लिस्ट में अपना नाम दर्ज करवा दिया।
200 विकेट पूरा करते ही एडम जम्पा ने महान स्पिन शेन वॉर्न के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया। जम्पा अब सबसे कम वनडे पारियों में 200 विकेट पूरे करने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज बन गए हैं।
जम्पा ने वॉर्न को गेंद और मैच दोनों के मामले में पीछे छोड़ दिया। जम्पा ने 123 वनडे मैच में यह कारनामा किया। वहीं, शेन वॉर्न ने 125 मैच में यह कमाल किया था। जिम्बाब्वे के बल्लेबाज काइया का विकेट लेने के बाद जम्पा ने शेन वॉर्न का रिकॉर्ड तोड़ा। वहीं, स्पिनर्स में सबसे तेज 200 विकेट लेने के मामले में जम्पा तीसरे गेंदबाज बने। इस लिस्ट में सकलैन मुश्ताक (104 मैच में) पहले स्थान पर हैं। दूसरे नंबर पर राशिद खान (115 मैच में) काबिज हैं।
जम्पा को 200 विकेट पूरा करने में 6385 गेंदें लगी। वॉर्न को 6989 गेंदें लगी थीं। वह सकलैन मुश्ताक और राशिद खान से पीछे हैं। स्पिनरों में सबसे कम गेंदों में 200 वनडे विकेट लेने के मामले में पहले नंबर पर सकलैन मुश्तात (5451 गेंद) दूसरे नंबर पर राशिद खान (5782), तीसरे नंबर पर एडम जम्पा (6385), चौथे नंबर पर आदिल राशिद (6881) और पांचवें नंबर पर शेन वॉर्न (6989) काबिज हैं।
एडम जम्पा ऑस्ट्रेलिया के लिए 200 वनडे विकेट लेने वाले सातवें गेंदबाज बने।ऑस्ट्रेलिया के लिए 200 से ज्यादा वनडे विकेट लेने वालों की लिस्ट में ग्रेन मैकग्राथ (380) और ब्रेट ली (380) पहले और दूसरे स्थान पर हैं। तीसरे नंबर शेन वॉर्न (291), चौथे नंबर पर मिचेल स्टार्क (247), पांचवें नंबर पर मिचेल जॉनसन (239), छठे नंबर पर क्रेग मैकडरमॉट (203) मौजूद हैं।
एडम जम्पा ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 123 वनडे और 118 टी20 मैच खेले हैं। इस दौरान 201 वनडे और 153 टी20I विकेट दर्ज हैं। उन्हें अभी तक टेस्ट क्रिकेट खेलने का मौका नहीं मिला है। ऐसे में जम्पा ने कुल 354 अंतरराष्ट्रीय विकेट चटकाए हैं।