Aaj ka Suvichar (आज का सुविचार): जीवन में जब भी हम कठिन परिस्थितियों से गुजर रहे होते हैं और ऐसा लगता है कि आगे बढ़ पाना मुश्किल है तब एक सकारात्मक विचार हमें दिशा दिखाने का काम कर सकता है। जिंदगी हमेशा एक जैसी नहीं रहती। कभी खुशियों के पल आते हैं तो कभी हमें मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। आज का सुविचार (Thought Of The Day) हमें बताता है कि मुश्किल समय हमेशा के लिए नहीं रहता।
सही समय पर अपने जीवन में उतारा गया सुविचार हमारे सोचने का नजरिया पूरी तरह बदल सकता है। कहा जाता है कि सुविचार केवल पढ़ने की चीज नहीं, जीवन में अपनाने की प्रेरणा भी है। इसीलिए हम रोज आपको एक प्रेरक सुविचार से रूबरू करवाते हैं। इसी कड़ी में हमारा आजा का सुविचार है:
'पतझड़ हुए बिना पेड़ों पर नए पत्ते नहीं आते, ठीक उसी तरह कठिनाई और संघर्ष सहे बिना इंसान के जीवन में अच्छे दिन नहीं आते।'
जीवन की एक बड़ी सच्चाई इस सुविचार में छिपी है। जैसे पेड़ पुराने पत्तों को छोड़कर नई हरियाली का स्वागत करता है वैसे ही इंसान को भी अपने जीवन में आने वाली परेशानियों और चुनौतियों से सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। परेशानियों और चुनौतियों से घबराकर हमें थम नहीं जाना चाहिए बल्कि चलते रहना ही जीवन का नाम है इस बात को समझना चाहिए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: बच्चों में पेंसिल चबाने की आदत कैसे छुड़ाएं
कई बार इंसान कठिन परिस्थितियों को देखकर निराश हो जाता है और सोचने लगता है कि शायद अब सब कुछ खत्म हो गया है। लेकिन सच ये है कि मुश्किल समय ही हमें मजबूत बनाता है और आगे आने वाले अच्छे दिनों के लिए तैयार करता है। जिस तरह पतझड़ के समय पेड़ सूने और खाली नजर आते हैं, लेकिन अंदर ही अंदर उनमें नई ऊर्जा और नई जिंदगी जन्म ले रही होती है। ठीक उसी तरह जब इंसान संघर्ष के दौर से गुजरता है तो बाहर से भले ही परेशान दिखाई दे, लेकिन अंदर से वह आत्मविश्वास हासिल कर रहा होता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: पढ़ाई का नाम सुनते ही नहीं रोएगा बच्चा, अपनाएं ये ट्रिक
रास्ते में आने वाली मुश्किलों से हमें घबराना नहीं चाहिए बल्कि अपने सपनों पर विश्वास रखना चाहिए और मेहनत करते रहना चाहिए। मुश्किल हालात हमें रोकने के लिए नहीं बल्कि मजबूत बनाने के लिए होते हैं। याद रखें, मुश्किल समय हमेशा के लिए नहीं रहता। यह सिर्फ जिंदगी का एक पड़ाव होता है, अगर आप अडिग होगा लगातार मेहनत करते रहें तो सफलता से आपको कोई भी नहीं रोक सकता।
