लाइफस्टाइल

खुद को बेहतर ढंग से समझना है तो जरूर पढ़ें ये 5 किताबें, बदल जाएगा जिंदगी को देखने का नजरिया

अगर आप भी खुद को बेहतर ढंग से समझना चाहते हैं और जिंदगी को देखने का नजरिया बदलना चाहते हैं, तो ये पांच किताबें आपकी रीडिंग लिस्ट में शामिल हो सकती हैं।

Image

खुद को बेहतर ढंग से समझना चाहते हैं तो जरूर पढ़ें ये किताबें (Photo: iStock)

जिंदगी में कई बार ऐसे सवाल सामने आते हैं, जिनका जवाब बाहर की दुनिया में नहीं मिलता। मैं कौन हूं? खुशी का असली मतलब क्या है? गुस्सा, डर और उदासी जैसे भावनाओं को कैसे समझें? मुश्किल हालात में भी मन को शांत कैसे रखें?

इन सवालों पर सदियों से आध्यात्मिक गुरु, दार्शनिक और विचारक बात करते आए हैं। कोई ध्यान और योग के जरिए रास्ता दिखाता है, तो कोई अपने अनुभवों और जीवन की घटनाओं के माध्यम से। अगर आप भी खुद को बेहतर ढंग से समझना चाहते हैं और जिंदगी को देखने का नजरिया बदलना चाहते हैं, तो ये पांच किताबें आपकी रीडिंग लिस्ट में शामिल हो सकती हैं।

इनर इंजीनियरिंग: ए योगीज गाइड टू जॉय - सद्गुरु

सद्गुरु की किताब 'इनर इंजीनियरिंग' इस विचार पर आधारित है कि हमारी आंतरिक शांति पूरी तरह बाहरी परिस्थितियों पर निर्भर नहीं होनी चाहिए। इसमें वह बताते हैं कि हमारे विचार, भावनाएं और शारीरिक स्थिति जीवन को अनुभव करने के तरीके को प्रभावित करती हैं। किताब में योग दर्शन और कुछ योगिक अभ्यासों के जरिए अपने भीतर की स्थिति को समझने की बात कही गई है। अगर आप योग को केवल एक्सरसाइज या शारीरिक अभ्यास से आगे समझना चाहते हैं, तो यह किताब एक अच्छी शुरुआत हो सकती है।

ऑटोबायोग्राफी ऑफ ए योगी - परमहंस योगानंद

1946 में पहली बार प्रकाशित हुई यह किताब परमहंस योगानंद की आध्यात्मिक यात्रा का व्यक्तिगत विवरण है। इसमें उनके बचपन, गुरु की तलाश, आध्यात्मिक प्रशिक्षण और पश्चिमी देशों तक पहुंचने के अनुभव शामिल हैं। योगानंद ने ध्यान, योग और क्रिया योग के बारे में अपने अनुभवों के जरिए बताया है। यह किताब किसी उपदेश की तरह नहीं, बल्कि एक ऐसे व्यक्ति की कहानी की तरह आगे बढती है, जिसने जीवन का बडा हिस्सा आध्यात्मिक समझ की तलाश में बिताया।

यू आर द स्काई: एन एंशिएंट गाइड टू मॉडर्न फीलिंग्स - स्वामी स्वरूपानंद

चिन्मय मिशन के ग्लोबल हेड स्वामी स्वरूपानंद की यह किताब वेदांत दर्शन और आधुनिक मनोविज्ञान को साथ लाती है। इसमें गुस्सा, डर, अपराधबोध और उदासी जैसी भावनाओं को समझने की कोशिश की गई है। किताब का एक दिलचस्प विचार आसमान और बादलों की मिसाल से समझाया गया है। जिस तरह बादल आते-जाते रहते हैं, लेकिन आसमान अपनी जगह बना रहता है, उसी तरह भावनाएं भी बदलती रहती हैं। वे हमारी पहचान तय नहीं करतीं। यह किताब अपने भावनात्मक ट्रिगर्स को पहचानने और उन पर सोच-समझकर प्रतिक्रिया देने की प्रेरणा देती है।

द पावर ऑफ नाउ - एकहार्ट टॉले

हमारा मन अक्सर कभी बीते हुए कल में उलझा रहता है, तो कभी आने वाले कल की चिंता करता है। एकहार्ट टॉले की 'द पावर ऑफ नाउ' इसी आदत पर सवाल उठाती है। किताब वर्तमान में जीने और अपने विचारों को बिना उनमें उलझे देखने की बात करती है। यह उन लोगों के लिए उपयोगी हो सकती है, जो पुरानी घटनाओं को बार-बार याद करते हैं या भविष्य की आशंकाओं में अपना आज खो देते हैं।

द बुक ऑफ जॉय - दलाई लामा और डेसमंड टूटू

यह किताब खुशी के एक अलग पहलू को सामने रखती है। दलाई लामा और आर्चबिशप डेसमंड टूटू के बीच हुई बातचीत पर आधारित इस किताब में दुख, क्षमा, करुणा और कृतज्ञता जैसे विषय शामिल हैं। डगलस अब्राम्स ने इन बातचीत को किताब का रूप दिया है। इसका मूल विचार है कि खुशी का मतलब मुश्किलों से बचना नहीं है। दुख और चुनौतियों के बीच भी इंसान जुडाव, दया और उम्मीद बनाए रख सकता है।

इन पांचों किताबों का नजरिया अलग है। कोई योग और दर्शन की बात करती है, तो कोई भावनाओं और वर्तमान में जीने का तरीका समझाती है। लेकिन इन सबके केंद्र में एक साझा सवाल है- खुद को बेहतर ढंग से कैसे समझा जाए। शायद इसी सवाल की तलाश में इन किताबों के पन्ने पलटना एक अच्छी शुरुआत हो सकती है।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article