शहर

हरियाणा के रेवाड़ी में सरेआम मर्डर, गोली लगते ही मां और दोस्त को किया फोन; हमलावर का बताया नाम

हरियाणा के रेवाड़ी में बाइक ठीक कराने पहुंचे मनोज की गोली मारकर हत्या कर दी गई। तीन युवकों ने उसे घेरकर गोली मारी। घायल मनोज ने मां और दोस्त को फोन कर हमलावर का नाम बताया।

Image

रेवाड़ी में युवक की हत्या

रेवाड़ी में बुधवार को सरेआम गोली मारकर एक युवक की हत्या कर दी गई। बस स्टैंड के पास बाइक ठीक कराने पहुंचे गोकलगढ़ निवासी मनोज को तीन युवकों ने घेर लिया। इसी दौरान एक युवक ने उसके पेट में गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल मनोज को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। गोली लगने के बावजूद मनोज ने हिम्मत नहीं हारी और अपनी मां को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसने गांव के ही अपने दोस्त अभिषेक को भी फोन किया। बताया जा रहा है कि मनोज ने फोन पर गोली मारने के पीछे मनिंदर का नाम लिया था।

बाइक ठीक कराने पहुंचा था मनोज

जानकारी के मुताबिक, मनोज अपनी बाइक ठीक कराने के लिए रेवाड़ी बस स्टैंड के पास आया था। इसी दौरान गांव के ही तीन युवक वहां पहुंच गए। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते युवकों ने मनोज को घेर लिया और उनमें से एक ने उस पर गोली चला दी। गोली सीधे उसके पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

मां और दोस्त को फोन कर बताई घटना

गोली लगने के बाद मनोज ने सबसे पहले अपनी मां को फोन किया और खुद को गोली मारे जाने की जानकारी दी। इसके बाद उसने अपने दोस्त अभिषेक को फोन कर घटना के बारे में बताया। मनोज ने फोन पर मनिंदर का नाम भी लिया और उसे गोली मारने का आरोप लगाया।

सूचना मिलते ही अभिषेक मौके पर पहुंचा और घायल मनोज को रेवाड़ी के नागरिक अस्पताल लेकर गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे निजी अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, यहां उपचार के दौरान शाम को मनोज ने दम तोड़ दिया।

पुलिस मनोज की ओर से अपनी मां और दोस्त को किए गए फोन कॉल, उसमें बताए गए नाम और घटनास्थल से जुड़े अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में पुरानी रंजिश को वारदात की वजह बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना की पूरी वजह और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article