शहर

दिल्ली से बिहार-UP और कश्मीर तक स्पेशल ट्रेनें, 5 से 15 नवंबर तक लगाएंगी चक्कर; चलेंगी 3 अनारक्षित स्पेशल गाड़ियां

त्योहारी भीड़ को देखते हुए रेलवे 5 से 15 नवंबर के बीच तीन अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। ये ट्रेनें दिल्ली-सुबेदारगंज, सरहिंद-सहरसा और श्रीनगर-कटरा के बीच कुल 14 फेरे लगाएंगी। यात्रियों को इनमें सफर के लिए रिजर्वेशन की जरूरत नहीं होगी।

Image

ट्रेन (फाइल फोटो)

दिल्ली : त्योहारों के दौरान घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने तीन अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। इन ट्रेनों के चलने से दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और जम्मू-कश्मीर जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। रेलवे ने इन ट्रेनों में सफर के लिए पहले से रिजर्वेशन कराने की जरूरत नहीं रखी है। ये ट्रेनें अनारक्षित होंगी और तय तारीखों पर कुल 14 फेरे लगाएंगी।

दिल्ली से कानपुर और प्रयागराज के लिए स्पेशल ट्रेन

पहली ट्रेन शकूरबस्ती से सुबेदारगंज के बीच चलाई जाएगी। ट्रेन नंबर 04420 शकूरबस्ती से 6 और 7 नवंबर को शाम 6:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 9:30 बजे सुबेदारगंज पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 04419 सुबेदारगंज से 7 और 8 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे चलेगी और अगले दिन रात 2:40 बजे शकूरबस्ती पहुंचेगी। रास्ते में यह ट्रेन दिल्ली, गाजियाबाद, खुर्जा, अलीगढ़, हाथरस, टूंडला, फिरोजाबाद, इटावा और कानपुर सेंट्रल समेत कई स्टेशनों पर रुकेगी।

पंजाब से बिहार के लिए भी चलेगी स्पेशल ट्रेन

दूसरी ट्रेन सरहिंद से सहरसा के बीच चलाई जाएगी। ट्रेन नंबर 04530 सरहिंद से 6, 10 और 14 नवंबर को सुबह 11:25 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन शाम 5 बजे सहरसा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 04529 सहरसा से 7, 11 और 15 नवंबर को शाम 7:15 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 10:20 बजे अंबाला कैंट पहुंचेगी। रास्ते में अंबाला, यमुनानगर, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, गोरखपुर, देवरिया, सिवान, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और खगड़िया जैसे स्टेशनों पर ठहराव होगा।

श्रीनगर से माता वैष्णो देवी के दरबार तक स्पेशल ट्रेन

तीसरी ट्रेन श्रीनगर और श्री माता वैष्णो देवी कटरा के बीच चलाई जाएगी। ट्रेन नंबर 04690 श्रीनगर से 5 और 6 नवंबर को सुबह 11:45 बजे रवाना होगी और दोपहर 3:30 बजे कटरा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 04689 कटरा से 5 और 6 नवंबर को शाम 4 बजे चलेगी और शाम 7:45 बजे श्रीनगर पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव अनंतनाग और बनिहाल में भी होगा। रेलवे के मुताबिक, यात्री ट्रेनों के समय और अन्य जानकारी के लिए NTES वेबसाइट या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क कर सकते हैं।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article