UP Assembly Elections 2027: भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव में राजग की जीत का दावा करते हुए समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) पर बुधवार को निशाना साधा और कहा कि उसकी 'पंक्चर साइकिल' एक्सप्रेसवे पर नहीं चल सकती।
नवीन ने गोरखपुर में भाजपा की 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में बुनियादी ढांचे का विकास होने का दावा किया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती सरकार पर परिवारवाद को बढ़ावा देने और युवाओं के रोजगार की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
नवीन ने कहा, ''वे (सपा) कहते हैं कि साइकिल फिर चलेगी। मैंने पहले भी कहा है कि साइकिल पंक्चर हो चुकी है। उत्तर प्रदेश अब एक्सप्रेसवे पर चल रहा है और पंक्चर साइकिल एक्सप्रेसवे पर नहीं चल सकती।''
उन्होंने कहा कि गोरखपुर का खाद कारखाना 30 साल तक बंद रहा, लेकिन भाजपा सरकार ने उसे फिर से शुरू कराया। उन्होंने प्रदेश में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) और अन्य शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना, औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार तथा रोजगार के अवसरों में वृद्धि को विकास का उदाहरण बताया।
भाजपा अध्यक्ष ने दावा किया कि योगी आदित्यनाथ सरकार ने 12 लाख से अधिक युवाओं को सीधे सरकारी नौकरी दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में रोजगार और अवसरों के मामले में आम लोगों के बजाय राजनीतिक परिवारों को प्राथमिकता दी जाती थी।
नवीन ने 2017 में सपा सरकार के सत्ता से हटने के बाद 2018 में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के लखनऊ स्थित सरकारी बंगले को खाली किए जाने पर सामने आए कथित तोड़फोड़ के विवाद का भी जिक्र किया और कहा कि लोगों को उस घटना को याद रखना चाहिए।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि 2027 में भाजपा नीत राजग की सत्ता में वापसी तय है और सपा की हार भी निश्चित है। उन्होंने विपक्ष की राजनीति को अराजक बताते हुए मतदाताओं से इसे नकारने की अपील की। नवीन ने 2029 के लोकसभा चुनाव में भी भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन को जनसमर्थन मिलने का भरोसा जताया।
