Swatantrata Diwas Par Desh Bhakti Ke Geet: 15 अगस्त सिर्फ कैलेंडर की एक तारीख नहीं, बल्कि भारत की आजादी, संघर्ष और बलिदान की याद दिलाने वाला दिन है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जब तिरंगा आसमान में लहराता है और राष्ट्रगान की धुन गूंजती है, तो देशभक्ति गीत माहौल को और भी भावुक बना देते हैं। इन गीतों में शहीदों की कुर्बानी, देश के प्रति प्रेम और एकजुट भारत की तस्वीर सुनाई देती है। स्वतंत्रता दिवस 2026 के मौके पर अगर आप घर, स्कूल, ऑफिस या किसी सांस्कृतिक कार्यक्रम में देशभक्ति का माहौल बनाना चाहते हैं, तो इन सदाबहार गीतों को अपनी प्लेलिस्ट में शामिल कर सकते हैं।
1. ऐ मेरे वतन के लोगों...
ऐ मेरे वतन के लोगों तुम खूब लगा लो नारा
ये शुभ दिन है हम सब का लहरा लो तिरंगा प्यारा
पर मत भूलो सीमा पर वीरों ने है प्राण गँवाए
कुछ याद उन्हें भी कर लो जो लौट के घर ना आए
ऐ मेरे वतन के लोगों ज़रा आँख में भर लो पानी
जो शहीद हुए हैं उनकी ज़रा याद करो कुरबानी
जब घायल हुआ हिमालय ख़तरे में पड़ी आज़ादी
जब तक थी साँस लड़े वो फिर अपनी लाश बिछा दी
संगीन पे धर कर माथा सो गए अमर बलिदानी
जो शहीद हुए हैं उनकी ज़रा याद करो कुरबानी
जब देश में थी दीवाली वो खेल रहे थे होली
जब हम बैठे थे घरों में वो झेल रहे थे गोली
क्या लोग थे वो दीवाने क्या लोग थे वो अभिमानी
जो शहीद हुए हैं उनकी ज़रा याद करो कुरबानी
कोई सिख कोई जाट मराठा कोई गुरखा कोई मदरासी
सरहद पर मरनेवाला हर वीर था भारतवासी
जो खून गिरा पर्वत पर वो खून था हिंदुस्तानी
जो शहीद हुए हैं उनकी ज़रा याद करो कुरबानी
थी खून से लथ-पथ काया फिर भी बंदूक उठाके
दस-दस को एक ने मारा फिर गिर गए होश गँवा के
जब अंत-समय आया तो कह गए के अब मरते हैं
खुश रहना देश के प्यारों अब हम तो सफ़र करते हैं
थे धन्य जवान वो अपने
थी धन्य वो उनकी जवानी
जो शहीद हुए हैं उनकी ज़रा याद करो कुरबानी
जय हिंद जय हिंद की सेना
जय हिंद, जय हिंद, जय हिंद
2. कर चले हम फिदा...
कर चले हम फ़िदा जानो-तन साथियो
अब तुम्हारे हवाले वतन साथियो
सांस थमती गई, नब्ज़ जमती गई
फिर भी बढ़ते क़दम को न रुकने दिया
कट गए सर हमारे तो कुछ ग़म नहीं
सर हिमालय का हमने न झुकने दिया
मरते-मरते रहा बाँकपन साथियो
अब तुम्हारे हवाले वतन साथियो
ज़िंदा रहने के मौसम बहुत हैं मगर
जान देने की रुत रोज़ आती नहीं
हुस्न और इश्क़ दोनों को रुस्वा करे
वो जवानी जो ख़ूँ में नहाती नहीं
आज धरती बनी है दुलहन साथियो
अब तुम्हारे हवाले वतन साथियो
राह क़ुर्बानियों की न वीरान हो
तुम सजाते ही रहना नए क़ाफ़िले
फ़तह का जश्न इस जश्न के बाद है
ज़िंदगी मौत से मिल रही है गले
बाँध लो अपने सर से कफ़न साथियो
अब तुम्हारे हवाले वतन साथियो
खींच दो अपने ख़ूँ से ज़मीं पर लकीर
इस तरफ़ आने पाए न रावन कोई
तोड़ दो हाथ अगर हाथ उठने लगे
छू न पाए सीता का दामन कोई
राम भी तुम, तुम्हीं लक्ष्मण साथियो
अब तुम्हारे हवाले वतन साथियो।
3. ये देश है वीर जवानों का...
ये देश है वीर जवानों का
अलबेलों का मस्तानों का
इस देश का यारो क्या कहना
ये देश है दुनिया का गहना
यहाँ चौड़ी छाती वीरों की
यहाँ गोरी शक्लें हीरों की
यहाँ गाते हैं राँझे मस्ती में
मचती हैं धूमें बस्ती में
पेड़ों पे बहारें झूलों की
राहों में क़तारें फूलों की
यहां हंसता है सावन बालों में
खिलती हैं कलियाँ गालों में
कहीं दंगल शोख़ जवानों के
कहीं कर्तब तीर कमानों के
यहाँ नित नित मेले सजते हैं
नित ढोल और ताशे बजते हैं
दिलबर के लिए दिलदार हैं हम
दुश्मन के लिए तलवार हैं हम
मैदाँ में अगर हम डट जाएँ
मुश्किल है कि पीछे हट जाएँ
गीतों से जुड़ी है स्वतंत्रता दिवस की भावना
देशभक्ति गीतों की खासियत यही है कि वे सिर्फ संगीत नहीं होते, बल्कि इतिहास और भावनाओं को भी आवाज देते हैं। कहीं इनमें सैनिकों का साहस सुनाई देता है, तो कहीं मातृभूमि के लिए समर्पण की भावना। इस स्वतंत्रता दिवस पर जब देश आजादी की 80वीं वर्षगांठ के करीब पहुंच चुका है, ऐसे गीत हमें यह याद दिलाते हैं कि आजादी केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि अनगिनत लोगों के संघर्ष और बलिदान की विरासत भी है।
