लाइफस्टाइल

बरसात में बढ़ जाता है सांपों का खतरा, जानिए इस जहरीले जीव से घर को कैसे रखें सेफ

Snake Safety Tips: बारिश से जमीन के अंदर बने बिलों में पानी भर जाता है। सांपों को बाहर निकलने पर मजबूर होना पड़ता है। वो इंसानी बस्तियों की तरफ बढ़ जाते हैं।

Image

बरसात में घर को रखे सापों से सुरक्षित, काम आएंगे ये टिप्स (Photo: iStock)

Snake Safety Tips for Monsoon: बारिश का मौसम जहां गर्मी से राहत लेकर आता है, वहीं कुछ अनचाहे मेहमानों का खतरा भी बढ़ा देता है। इनमें सबसे ज्यादा डर सांपों को लेकर होता है। हर साल मानसून के दौरान सांप निकलने और सर्पदंश की घटनाएं बढ़ जाती हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि बारिश के कारण सांपों के बिलों में पानी भर जाता है। ऐसे में वे सूखी और सुरक्षित जगह की तलाश में घरों, गोदामों, बगीचों और खेतों की ओर रुख करने लगते हैं।

बरसात में क्यों बढ़ जाता है सांपों का खतरा?

मानसून में लगातार बारिश से जमीन के अंदर बने बिलों में पानी भर जाता है। सांपों को बाहर निकलने पर मजबूर होना पड़ता है। इसके अलावा, इस मौसम में चूहे, मेंढक और दूसरे छोटे जीवों की संख्या भी बढ़ जाती है, जो सांपों का भोजन हैं। भोजन की तलाश में भी सांप इंसानी बस्तियों के आसपास पहुंच जाते हैं।

ग्रामीण इलाकों में खेतों, घास-फूस के ढेर और जलभराव वाली जगहों पर सांप ज्यादा दिखाई देते हैं। वहीं शहरों में खाली प्लॉट, पार्क, नालों के आसपास और लंबे समय से बंद पड़े कमरों में इनके छिपने की संभावना रहती है।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: भीग जाए लेदर शूज तो ना करें ये गलतियां

घर को सांपों से कैसे सुरक्षित रखें?

अधिकतर मामलों में सांप इंसानों पर खुद हमला नहीं करते। वे तभी काटते हैं जब उन्हें खतरा महसूस होता है। इसलिए बारिश के मौसम में थोड़ी सावधानी आपको और आपके परिवार को सुरक्षित रख सकती है:

घर के आसपास सफाई रखें

घर के आसपास घास, झाड़ियां और कचरा जमा न होने दें। लकड़ियों, ईंटों और पुराने सामान के ढेर सांपों के लिए छिपने की आदर्श जगह बन जाते हैं।

चूहों को घर से दूर रखें

चूहे सांपों का पसंदीदा भोजन हैं, इसलिए घर में चूहों की संख्या बढ़ने से सांप आने की आशंका भी बढ़ जाती है। खाने-पीने की चीजों को खुले में न छोड़ें और घर को साफ रखें।

दरवाजों और खिड़कियों की दरारें बंद करें

घर की दीवारों, दरवाजों और पाइपलाइन के आसपास मौजूद बड़े छेद और दरारों को बंद कर दें। कई बार छोटे सांप इन्हीं रास्तों से घर के भीतर पहुंच जाते हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: बिना चखे ऐसे पहचानें रसीले जामुन

खुद कैसे रहें सेफ

रात में टॉर्च का इस्तेमाल करें

बारिश के मौसम में रात के समय बाहर निकलते वक्त टॉर्च का इस्तेमाल जरूर करें। अंधेरे में सांप दिखाई नहीं देते और गलती से उन पर पैर पड़ सकता है।

घास या पानी वाली जगहों पर सावधानी बरतें

खेतों, बगीचों या जलभराव वाली जगहों पर जाते समय मजबूत जूते पहनें। बिना देखे किसी झाड़ी या पत्थर के नीचे हाथ न डालें।

अगर घर में सांप दिख जाए तो क्या करें?

सबसे जरूरी बात यह है कि घबराएं नहीं। सांप को मारने या पकड़ने की कोशिश बिल्कुल न करें। इससे उसके आक्रामक होने का खतरा बढ़ जाता है। सुरक्षित दूरी बनाए रखें। इसके बाद स्थानीय वन विभाग या स्नेक रेस्क्यू टीम से संपर्क करें।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article