How to identify fresh Jamun: बाजार में जामुन बिकने लगे हैं। गहरे बैंगनी रंग का यह छोटा-सा फल स्वाद के साथ-साथ सेहत का भी खजाना माना जाता है। जामुन को लेकर बहुत से लोगों के सामने ये सवाल जरूर आता है कि बिना चखे कैसे पता लगाया जाए कि जामुन मीठे और रसीले हैं या नहीं। यहां हम आपकी इस परेशानी का हल दे रहे हैं। कुछ आसान बातें हैं जिनपर ध्यान देकर आप मीठे और रसीले जामुन आसानी से चुन सकते हैं।
मीठे जामुन का गहरा रंग
पके और मीठे जामुन का रंग गहरा बैंगनी या लगभग काला होता है। अगर जामुन का रंग हल्का बैंगनी, हरा या फीका दिखाई दे रहा है, तो संभव है कि वह पूरी तरह पका न हो और स्वाद में अधिक खट्टा या कसैला लगे।
चिकनाई भी है अच्छे जामुन की पहचान
अच्छे जामुन की सतह चिकनी और हल्की चमक वाली होती है। बहुत ज्यादा सिकुड़े हुए या बेजान दिखने वाले जामुन पुराने या सूखे होते हैं। ऐसे फलों में रस कम होता है और स्वाद भी फीका पड़ जाता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: क्यों Gen Z को भा रही बजट कुकिंग
दबाकर देखें
जामुन को उंगलियों से हल्के से दबाकर भी उसकी गुणवत्ता का अंदाजा लगाया जा सकता है। पका और रसीला जामुन थोड़ा नरम महसूस होगा, लेकिन बहुत ज्यादा पिचका हुआ नहीं। अगर फल बहुत सख्त है, तो समझिए कि वह अभी कच्चा है। वहीं बहुत ज्यादा नरम जामुन अधिक पक चुका हो सकता है।
बड़े आकार के जामुन लें
एक जैसे आकार के जामुनों में जो फल हाथ में थोड़ा भारी लगे, उसके अधिक रसीले होने की संभावना रहती है। बड़े और भरे हुए जामुन में गूदे की मात्रा भी ज्यादा होती है, इसलिए ऐसे फल स्वाद में बेहतर माने जाते हैं।
सूंघ कर देखें
पके जामुन में हल्की मीठी और ताजी सुगंध महसूस होती है। यदि जामुन में कोई महक नहीं है, तो वह अधपका हो सकता है। वहीं खट्टी या अजीब-सी गंध यह संकेत देती है कि फल खराब होने लगा है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: प्रृति के 5 तत्वों को मिलाकर बनती है ये पंचतत्व चाट
कुल मिलाकर जामुन खरीदते समय महज रंग देखकर फैसला न करें। उसकी चमक, बनावट, वजन और सुगंध भी परखें। इस तरह से आप बिना चखे ही मीठे, ताजे और रसीले जामुन चुन सकते हैं और इस लाजवाब फल का भरपूर आनंद ले सकते हैं।
