लाइफस्टाइल

शेफ कुणाल कपूर की विंटर स्पेशल रेसिपी, पत्ता गोभी के पकौड़े के साथ सर्दियों की शाम को बनाएं यादगार

शेफ कुणाल कपूर ने ठंड की शाम के लिए पत्ता गोभी से झटपट तैयार होने वाले कुरकुरे पकौड़े की आसान रेसिपी शेयर की है। इसके साथ इमली और पुदीने की चटपटी चटनी का स्वाद इसे और खास बना देता है।

Image

कम तेल में बनेगा एकदम कुरकुरा गोभी का पकौड़ा, शेफ कुणाल कपूर ने शेयर की विंटर स्पेशल रेसिपी (Photo: chefkunalkapur.com)

सर्दियां अपने साथ गोभी की भरमार भी लेकर आती है। फूल गोभी हो या पत्ता गोभी, ज्यादातर भारतीय घरों में ठंक के मौसम में ये दोनों बहुत आम हैं। हालांकि हर बार गोभी की सब्जी बने ये जरूरी तो नहीं। मशहूर शेफ कुणाल कपूर ने ठंड की शाम के लिए पत्ता गोभी से झटपट तैयार होने वाले कुरकुरे पकौड़े की आसान रेसिपी शेयर की है। इसके साथ इमली और पुदीने की चटपटी चटनी का स्वाद इसे और खास बना देता है। करीब आधे घंटे में तैयार होने वाला यह नाश्ता घरवालों के लिए एक बढ़िया विकल्प हो सकता है।

गोभी की पकौड़ी के लिए जरूरी सामग्री

एक बड़ी पत्ता गोभी, आधा कप कटा प्याज, आधा कप कटी शिमला मिर्च और एक कप कद्दूकस गाजर लें। मसालों में स्वादानुसार नमक, आधा छोटा चम्मच काला नमक, दो छोटे चम्मच लाल मिर्च पाउडर, एक बड़ा चम्मच धनिया पाउडर, एक छोटा चम्मच जीरा पाउडर, आधा छोटा चम्मच गरम मसाला, एक बड़ा चम्मच चाट मसाला, एक बड़ी चुटकी कसूरी मेथी, दो कटी हरी मिर्च, आधा छोटा चम्मच अजवाइन और मुट्ठी भर हरा धनिया चाहिए। इसके अलावा एक कप बेसन, एक चौथाई कप सूजी, आधा छोटा चम्मच बेकिंग सोडा, एक चौथाई कप (करीब 60 मिलीलीटर) पानी और तलने के लिए तेल लें।

चटनी की सामग्री

चटपटी चटनी के लिए आधा कप इमली का पानी, आधा गुच्छा धनिया पत्ती, एक कप पुदीना पत्ती, आधा इंच कटा अदरक, छह लहसुन की कलियां, दो हरी मिर्च, स्वादानुसार नमक, आधा छोटा चम्मच काला नमक, दो छोटे चम्मच चाट मसाला, दो छोटे चम्मच भुना जीरा और एक छोटा प्याज लें।

बनाने का आसान तरीका

सबसे पहले पत्ता गोभी को बारीक काट लें और उसका अतिरिक्त पानी निचोड़कर अलग कर दें। एक बड़े बर्तन में कटी पत्ता गोभी, प्याज, शिमला मिर्च, गाजर और सभी मसाले, अजवाइन, कसूरी मेथी व हरा धनिया मिलाएं। इसमें बेसन, सूजी और थोड़ा बेकिंग सोडा डालकर अच्छी तरह मिला लें, जिससे सब्जियां अपनी नमी छोड़ दें।

अब मध्यम आंच पर तवा गरम करें और हल्का तेल फैलाएं। मिश्रण का थोड़ा हिस्सा लेकर टिक्की या डिस्क जैसा आकार दें और तवे पर रखें। एक तरफ से सुनहरा भूरा होने पर पलटें और दूसरी तरफ से भी कुरकुरा होने तक सेंक लें। जरूरत के हिसाब से थोड़ा तेल डालते हुए बाकी मिश्रण से भी ऐसे ही फ्रिटर्स तैयार कर लें।

चटनी बनाने के लिए इमली का पानी, धनिया, पुदीना, अदरक, लहसुन, हरी मिर्च, नमक, काला नमक, चाट मसाला, भुना जीरा और प्याज को मिक्सी में डालकर बारीक पीस लें। जरूरत पड़े तो थोड़ा पानी मिलाया जा सकता है। तैयार कुरकुरे पकौड़े को गरमागरम इस ताजा चटनी के साथ परोसें और सर्दियों की शाम का मजा लें।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article