लाइफस्टाइल

सर्दियों में बिल में छिपे रहते हैं सांप, घर के बगीचे में सांप के बिल कैसे ढूंढें, जानिए सांप का बिल कैसा होता है

How to identify snake holes: सांप सर्दियों में गर्मी के लिए जमीन के नीचे बिलों में चले जाते हैं। कई बार ये घरों में भी घुस जाते हैं ताकि वह खुद को ठंड से बचा सकें।

Image

सर्दियों में बिल में छिपे रहते हैं सांप, घर के बगीचे में सांप के बिल कैसे ढूंढें, सांप का बिल कैसा होता है (Photo: iStock)

How to identify snake holes in Winter (बगीचे में सांप का बिल कैसे ढूंढ़े): सर्दियां आ चुकी हैं। ठंड में इंसानों के साथ ही जीव जंतुओं की भी जीवनशैली बदलती है। इंसानों की ही तरह सांप जैसे जीवों को गर्माहट की तलाश रहती है। दरअसल सांप ठंडे खून वाले जीव होते हैं। मतलब कि वे अपने शरीर का तापमान खुद नियंत्रित नहीं कर सकते। सर्दियों के मौसम में गर्मी के लिए जमीन के नीचे बिलों, चट्टानों की दरारों या सुरक्षित और गर्म स्थानों पर चले जाते हैं। कई बार सांप अपने बिल से निकलकर घरों में भी घुस जाते हैं ताकि वह खुद को ठंड से बचा सकें।

ऐसे में जरूरी है ये जानना कि कहीं हमारे घर के बगीचे या फिर आसपास सांप के बिल तो नहीं हैं। अगर सांप के बिल नजर आएं तो उसे ना तो नजरंदाज करना चाहिए और ना ही उसके साथ कोई छेड़छाड़ करनी चाहिए। बिल दिखने की स्थिति में सबसे पहले तो नजदीकी स्नेक रेस्क्यू टीम को इत्तेला करें।

वैसे बहुत से लोगों को ये भी नहीं पता होता है कि सांप का बिल होता कैसा है। कई बार वह चूहे या दूसरे कम खतरनाक जीवों का बिल समझने की लापरवाही कर बैठते हैं। ऐसे में ये जानना भी बहुत जरूरी है कि सांप का बिल कैसा होता है।

सांप का बिल कैसा होता है?

सांप का बिल दिखने में आमतौर पर गोल या हल्का अंडाकार होता है। चूंकि सांप बार-बार इसमें अंदर-बाहर आता-जाता है, इसलिए इसके किनारे रगड़ की वजह से काफी साफ और चिकने हो जाते हैं। सांप खुद जमीन खोदकर अपना घर नहीं बनाते, बल्कि चूहों या दूसरे जीवों के बनाए पुराने बिलों में रहते हैं। यही वजह है कि इनके बिल के मुहाने पर ताजी या बिखरी हुई मिट्टी नजर नहीं आती।

ऐसे बिल ज्यादातर पेड़ों की जड़ों, पत्थरों के ढेर, घनी झाड़ियों या घर की दीवारों के शांत कोनों में बने होते हैं। बारिश के दिनों में इनमें नमी बढ़ जाती है और इनके आसपास आमतौर पर सन्नाटा रहता है।

घर के बगीचे में सांप के बिल कैसे ढूंढ़ें?

अगर आपको अपने घर के बगीचे या आंगन में सांप होने का अंदेशा है, तो सबसे पहले बड़ी घास, गमलों के पीछे, झाड़ियों और ईंट-पत्थरों के आसपास ध्यान से जांच करें। जमीन में बने चिकने गोल छेद, मिट्टी पर रेंगने के ताजे निशान या कहीं सांप की उतरी हुई केंचुल दिखे, तो तुरंत सावधान हो जाएं।

इसके अलावा, बिल के आसपास चूहों की मौजूदगी पर भी नजर रखें। सांप उन्हीं जगहों को अपना ठिकाना बनाना पसंद करते हैं, जहां उन्हें शिकार यानी भोजन आसानी से मिल सके। ऐसी कोई भी संदिग्ध जगह दिखने पर खुद छेड़छाड़ न करें।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article