Haritalika Teej 2026: हरितालिका तीज सिर्फ व्रत, पूजा और श्रृंगार का त्योहार नहीं है, बल्कि घर को उत्सव के रंग में सजाने का भी खूबसूरत मौका है। खासकर युवाओं के लिए त्योहारों की सजावट अब सिर्फ पारंपरिक नहीं रही। ट्रेडिशनल टच के साथ मॉडर्न एलिमेंट्स, वार्म लाइट्स, फ्लोरल डेकोरेशन और मिनिमल सेटअप घर को बेहद खूबसूरत बना सकते हैं। अगर आप भी इस तीज पर घर को ऐसा लुक देना चाहते हैं जो पारंपरिक भी हो और सोशल मीडिया पर शेयर करने लायक भी, तो ये 5 आइडियाज (Home Decoration Ideas) आपके काम आ सकते हैं।
1. फूलों से बनाएं खूबसूरत एंट्रेंस
घर के मुख्य दरवाजे से ही त्योहार का माहौल नजर आना चाहिए। इसके लिए गेंदे, गुलाब या मोगरे के फूलों की लड़ियों से दरवाजे को सजाया जा सकता है। फूलों के साथ आम के पत्तों या अशोक के पत्तों की छोटी-सी बंदनवार पारंपरिक खूबसूरती बढ़ा सकती है। अगर आप थोड़ा मॉडर्न लुक चाहते हैं तो पूरी बंदनवार की जगह दरवाजे के एक तरफ फ्लोरल हैंगिंग लगाएं और उसके साथ छोटी वार्म-व्हाइट फेयरी लाइट्स लगाएं। यह कॉम्बिनेशन बेहद एलिगेंट लगेगा।
2. पूजा कॉर्नर को दें खूबसूरत मेकओवर
तीज की सजावट में पूजा स्थान सबसे खास होता है। यहां एक खूबसूरत चौकी या छोटी लकड़ी की टेबल रखकर उसके ऊपर साफ कपड़ा बिछाएं। लाल, गुलाबी, हरे या पीले रंग का कपड़ा तीज के माहौल के लिए अच्छा विकल्प हो सकता है। चौकी के आसपास फूलों की पंखुड़ियों से छोटी रंगोली बनाएं और पीछे फेयरी लाइट्स या फ्लोरल बैकड्रॉप लगाएं। मिट्टी के दीये और पीतल के छोटे दीपक इस सेटअप को पारंपरिक और क्लासी दोनों बना सकते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: तमिल शादियों में अचानक संन्यासी बनने क्यों निकल पड़ता है दूल्हा?
3. फेयरी लाइट्स से करें सजावट
अगर आपको ज्यादा सजावट पसंद नहीं है तो सिर्फ लाइटिंग से ही घर का पूरा लुक बदला जा सकता है। बालकनी, खिड़की, पूजा कॉर्नर या लिविंग रूम की किसी एक दीवार पर फेयरी लाइट्स लगाएं। इसके साथ कुछ छोटे दीये या कैंडल्स रखें। आजकल मिनिमल डेकोर काफी पसंद किया जाता है, इसलिए हर कोने को सजाने के बजाय घर के एक-दो हिस्सों को फोकस एरिया बनाना ज्यादा खूबसूरत लगेगा। शाम के समय यह सेटअप घर को गर्मजोशी और त्योहार दोनों का एहसास देगा।
4. रंगोली से करें क्रिएटिव सजावट
तीज के मौके पर रंगोली घर की सजावट में चार चांद लगा सकती है। पारंपरिक फूलों और ज्योमेट्रिक पैटर्न वाली रंगोली के साथ आप पत्तियों, फूलों की पंखुड़ियों और दीयों का इस्तेमाल कर सकते हैं। अगर समय कम है तो रेडीमेड रंगोली स्टेंसिल की मदद से कुछ ही मिनटों में खूबसूरत डिजाइन तैयार किया जा सकता है। युवाओं के लिए एक अच्छा आइडिया यह भी है कि रंगोली के बीच में छोटा-सा दीया सेटअप बनाएं और उसके चारों तरफ गुलाब या गेंदे की पंखुड़ियां सजाएं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: बालों की ग्रोथ के लिए क्या करें, आलिया के हेयर स्टाइलिस्ट ने बताए टिप्स
5. फोटो कॉर्नर बनाएं खास
त्योहार की सजावट में फोटो कॉर्नर अब नया फेवरेट ट्रेंड है। घर की किसी खाली दीवार पर फूलों की लड़ियां, दुपट्टे, फेयरी लाइट्स और कुछ ट्रेडिशनल डेकोर पीसेज की मदद से छोटा-सा बैकड्रॉप तैयार किया जा सकता है। इसके सामने एक छोटी चौकी या स्टूल रखकर उस पर फूलों की टोकरी, दीया या पारंपरिक सजावटी सामान रखें। यहां तीज के श्रृंगार में तस्वीरें क्लिक करना इस त्योहार की यादों को और खास बना सकता है।
हरितालिका तीज की सजावट का सबसे खूबसूरत हिस्सा यह है कि इसके लिए बहुत ज्यादा खर्च या ढेर सारा सामान जरूरी नहीं है। फूल, दीये, रोशनी, रंगोली और कुछ क्रिएटिविटी मिलकर घर को त्योहार के लिए तैयार कर सकते हैं। कोशिश करें कि सजावट में पारंपरिक रंग और प्राकृतिक चीजों का इस्तेमाल ज्यादा हो, ताकि घर में तीज की संस्कृति और मॉडर्न होम डेकोर का खूबसूरत संतुलन नजर आए।
