शहर

नोएडा में एनकाउंटर: 50 हजार का इनामी अमन उर्फ माया त्यागी ढेर, रणदीप भाटी गैंग का था शूटर

Noida Encounter: नोएडा पुलिस की सेंट्रल क्राइम रिस्पॉन्स टीम (CRT) को इनपुट मिला था कि बादलपुर थाने का वांछित बदमाश सेक्टर-126 इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना पर टीम ने घेराबंदी की और मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी अमन उर्फ माया त्यागी मारा गया।

Image

नोएडा में एनकाउंटर (फोटो साभार- TNN)

Noida Encounter: गौतमबुद्ध नगर में अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच शनिवार देर रात बड़ी कार्रवाई हुई। सेक्टर-126 थाना क्षेत्र में पुलिस और 50 हजार के इनामी बदमाश के बीच आमना-सामना हो गया। इस मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी अमन उर्फ माया त्यागी मारा गया।

एनकाउंटर में ढेर हुआ 50 हजार का इनामी

जानकारी के मुताबिक, नोएडा पुलिस की सेंट्रल क्राइम रिस्पॉन्स टीम (CRT) को इनपुट मिला था कि बादलपुर थाने का वांछित बदमाश सेक्टर-126 इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना पर टीम ने घेराबंदी की। खुद को घिरा देख बदमाश ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें बदमाश गंभीर रूप से जख्मी हो गया। पुलिस उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

रणदीप भाटी गैंग का सदस्य था माया त्यागी

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मारा गया बदमाश पश्चिमी यूपी के दो बड़े गैंग, रणदीप भाटी और दिवंगत अनिल दुजाना गैंग का सक्रिय सदस्य था। वह शूटर के तौर पर काम करता था और उस पर हत्या के प्रयास, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन मामले दर्ज थे। ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाने से वह लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसके बाद उस पर 50 हजार का इनाम घोषित किया गया था।

फायरिंग में तीन पुलिसकर्मी भी घायल

इस एनकाउंटर में पुलिस को भी नुकसान उठाना पड़ा है। बदमाश की तरफ से की गई फायरिंग में तीन पुलिसकर्मियों को गोली लगने की खबर है। तीनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके की कॉम्बिंग की गई। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से हथियार, कारतूस और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं।

लंबे समय से फरार था माया त्यागी

पुलिस का कहना है कि अमन उर्फ माया त्यागी लंबे समय से फरार था और हाल के दिनों में उसकी लोकेशन नोएडा-ग्रेटर नोएडा में देखी गई थी। उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उसके बाकी साथियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article