पिज्जा का नाम सुनते ही बच्चों से लेकर बड़ों तक के मुंह में पानी आ जाता है। लेकिन कई बार घर पर पिज्जा बनाने की इच्छा इसलिए अधूरी रह जाती है क्योंकि घर में ओवन नहीं होता। अगर आप भी इसी वजह से पिज्जा नहीं बना पाते हैं, तो मशहूर सेलिब्रिटी शेफ रणवीर बरार की यह खास रेसिपी आपके लिए है। उन्होंने बिना ओवन के तवे पर ही एकदम स्वादिष्ट और परफेक्ट मशरूम पिज्जा बनाने का आसान तरीका शेयर किया है, जिसे आप घर पर झटपट तैयार कर सकते हैं। आइए जानते हैं इसे बनाने की पूरी सामग्री और विधि:
आवश्यक सामग्री (Ingredients)
पिज़्ज़ा डो (आटा) के लिए:
मैदा - 1 कप
गेंहू का आटा - ¼ कप
बेकिंग पाउडर - ½ छोटा चम्मच
बेकिंग सोडा - ½ छोटा चम्मच
तेल - 1 बड़ा चम्मच
नमक - स्वादानुसार
दही - 3 बड़े चम्मच
टॉपिंग्स के लिए:
ऑलिव ऑयल - 2 बड़े चम्मच
शिमला मिर्च - 2 (कटी हुई)
प्याज - 1 (कटा हुआ)
मशरूम - 3-4 (कटे हुए)
टमाटर - 1 (कटा हुआ)
चिली फ्लेक्स - 1 छोटा चम्मच
ओरिगैनो - 1 छोटा चम्मच
ताजी तुलसी (Basil) के पत्ते - 4-5
नमक - स्वादानुसार
पिज़्ज़ा सॉस के लिए:
तेल - 1 बड़ा चम्मच
लहसुन की कलियां - 2-3 (बारीक कटी हुई)
प्याज - 1 मध्यम आकार का (बारीक कटा हुआ)
ताजा टमाटर की प्यूरी - ½ कप
चीनी - ½ छोटा चम्मच
सिरका (Vinegar) - ½ छोटा चम्मच
ओरिगैनो और चिली फ्लेक्स - ½-½ छोटा चम्मच
नमक - स्वादानुसार
अन्य सामग्री:
मोजरेला चीज़ (कद्दूकस की हुई) - ⅓ कप
मशरूम पिज्जा बनाने की रेसिपी
पहला स्टेप: एक बड़े बाउल में मैदा, गेंहू का आटा, बेकिंग पाउडर, बेकिंग सोडा, तेल, नमक और दही डालकर अच्छी तरह मिला लें। अब जरूरत के अनुसार पानी डालकर नरम आटा गूंथ लें। इसे 5-6 मिनट तक तब तक गूंथें जब तक यह चिकना न हो जाए। फिर इसे ढंककर लगभग 1 घंटे के लिए रख दें।
दूसरा स्टेप: एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें। उसमें कटे हुए प्याज, शिमला मिर्च, मशरूम और टमाटर डालें। साथ ही नमक, चिली फ्लेक्स और ओरिगैनो डालकर सब्जियों को हल्का सा टॉस करें और फ्रिज में ठंडा होने के लिए रख दें।
तीसरा स्टेप: उसी पैन में थोड़ा और तेल गर्म करें। इसमें लहसुन और प्याज डालकर भूनें। अब टमाटर की प्यूरी, चीनी, सिरका, नमक, ओरिगैनो और चिली फ्लेक्स डालें। सॉस का पानी सूखने तक इसे पकाएं और अलग रख लें।
चौथा स्टेप: गूंथे हुए आटे की लोई बनाकर चपाती से थोड़ा मोटा बेल लें। कांटे की मदद से इस पर छोटे-छोटे छेद कर दें। अब एक तवे पर बेली हुई रोटी को रखें और धीमी आंच पर एक तरफ से पकाकर पलट लें।
पांचवा स्टेप: इसके बाद इस पर तैयार पिज्जा सॉस लगाएं, कद्दूकस की हुई मोजरेला चीज़ फैलाएं, टॉस की हुई सब्जियां और बेसिल के पत्ते रखें। ऊपर से थोड़ी और चीज डालें। तवे को ढंककर धीमी आंच पर तब तक पकाएं जब तक चीज़ पिघल न जाए। गरमा-गरम तवा मशरूम पिज्जा तैयार है, इसे टुकड़ों में काटकर सर्व करें।
