दीपावली पर चारों तरफ दीयों की जगमगाहट, फैरी लाइट्स और तरह-तरह के लैंप्स से घर को सजाया जाता है। हालांकि, इस उत्सव के उल्लास के बीच कई बार लोग सुरक्षा से जुड़ी बुनियादी बातों को नजरंदाज कर देते हैं, जिससे आग लगने का खतरा बढ़ जाता है। इसी कारण त्योहारों के इस सीजन में किसी भी अनहोनी से बचने और घर को सुरक्षित रखने के लिए कुछ जरूरी फायर सेफ्टी चेक करना बेहद आवश्यक है।
वैसे तो किसी भी त्योहार के दौरान खतरे के बारे में नहीं सोचना चाहिए, लेकिन थोड़ी सी सावधानी बरतकर कई बड़े हादसों को टाला जा सकता है। आइए जानते हैं ऐसे ही 5 महत्वपूर्ण सुरक्षा उपायों के बारे में:
इलेक्ट्रिक पॉइंट्स की जांच करें
दीवाली पर लाइट्स, डेकोरेटिव लैम्प्स और एक्सटेंशन बोर्ड्स का इस्तेमाल बढ़ जाता है, जिससे घर के इलेक्ट्रिकल सिस्टम पर लोड काफी अधिक हो जाता है। इसी लिए समय रहते घर की वायरिंग और बिजली के कनेक्शन की अच्छी तरह जांच करवा लें। यह देख लें कि कोई तार डैमेज या कटा हुआ तो नहीं है, सॉकेट ढीले तो नहीं हैं और एक्सटेंशन बोर्ड्स ओवरलोड तो नहीं हो रहे हैं। अगर किसी सॉकेट से जलने की गंध आए या बार-बार ट्रिपिंग हो रही हो, तो तुरंत किसी इलेक्ट्रीशियन से उसकी जांच कराकर उसे बदलवा लें।
फायर एक्सटिंग्विशर को चेक कर लें
आग बुझाने वाले फायर एक्सटिंग्विशर को हमेशा ऐसी जगह पर रखें जहां जरूरत पड़ने पर वह आसानी से और तुरंत मिल सके। घर के सभी सदस्यों को इसकी जानकारी होनी चाहिए कि यह कहां रखा है। इसके अलावा, यह भी जांच लें कि वह अच्छी हालत में है या नहीं और उसकी सर्विसिंग कब हुई थी।
स्मोक अलार्म के टेस्ट बटन को जांचें
त्योहारों की भीड़-भाड़ और चहल-पहल शुरू होने से पहले अपने घर के स्मोक अलार्म और फायर डिटेक्टर्स की जांच कर लें। यह देख लें कि उनकी बैटरियां बदलने की जरूरत तो नहीं है। इस बात का भी विशेष ध्यान रखें कि घर की सजावट या लाइटें लगाते समय डिटेक्टर्स का रास्ता अवरुद्ध न हो।
दीयों और मोमबत्तियों को सुरक्षित दूरी पर रखें
दीये और मोमबत्तियां जलाते समय यह ध्यान रखें कि वे ऐसी जगहों पर न हों जहां उनके गिरने का खतरा हो। इन्हें पर्दों, कपड़ों, कागजों, प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील सामग्री से हमेशा सुरक्षित दूरी पर रखें। अगर घर में छोटे बच्चे या पालतू जानवर हैं, तो दीयों की स्थिति को लेकर और अधिक सतर्कता बरतने की जरूरत होती है।
सुरक्षा का व्हाट इफ (What if) टेस्ट करें
त्योहार का जश्न शुरू होने से पहले यह कल्पना करना समझदारी है कि यदि अचानक आग लग जाए तो क्या स्थिति होगी। इस बात पर विचार करें कि ऐसी आपात स्थिति में परिवार का प्रत्येक सदस्य क्या कदम उठाएगा।
घर के सभी दरवाजे, निकास द्वार और सीढ़ियां पूरी तरह साफ और सुलभ होनी चाहिए, ताकि वहां कोई रुकावट न हो। सजावट का सामान इस तरह न लगाएं कि मुख्य रास्ते या एग्जिट गेट छिप जाएं। थोड़ी सी जागरूकता और सतर्कता अपनाकर आप अपने परिवार के साथ सुरक्षित और आनंदमय दीपावली मना सकते हैं।
