Alia Bhatt Success Secrets: किसी ने क्या खूब कहा है कि बड़े सपने हमेशा किसी छोटे से पल का नतीजा होते हैं। अभिनेत्री आलिया भट्ट के लिए वह पल बचपन में आईने के सामने खड़े होकर खुद को फिल्मों में देखने की कल्पना करना था। उस समय शायद उन्हें भी नहीं पता था कि एक दिन वही बच्ची भारतीय सिनेमा की सबसे सफल अभिनेत्रियों में गिनी जाएगी। यहां तक का सफर आलिया भट्ट ने बड़ी शिद्दत से तय किया है।
आलिया ने अपनी जिंदगी को जिस तरह से ढाला वो शायद हर किसी को प्रेरणा दे सकती है। हाल ही में आलिया ने खुद एक इंटरव्यू में बताया कि किन बातों को मूलमंत्र बना उन्होंने सफलता की सीढ़ियां चढ़ीं। आइए जानते हैं आलिया के सक्सेस सीक्रेट्स:
खुद को सपने देखने की इजाजत दें
आलिया का कहना है कि उन्होंने हमेशा खुद को सपने देखने और उन पर विश्वास करने की अनुमति दी। अधिकतर लोग अपने सपनों को इसलिए छोटा कर लेते हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि वे उसके लायक नहीं हैं। आलिया की सोच इसके उलट है। उनका मानना है कि हर व्यक्ति को यह अधिकार है कि वह बड़े सपने देखे और उन पर यकीन करे। यही आत्मविश्वास किसी भी बड़ी उपलब्धि की पहली सीढ़ी बनता है।
बचपन के जुनून को पहचानिए
आलिया बचपन से ही अभिनय करती थीं। फिल्मों के गानों को देखकर वह सोचती थीं कि पर्दे की दुनिया कैसे बनती है। यही जिज्ञासा और आकर्षण बाद में उनके करियर की दिशा बन गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: क्रिकेटर स्मृति मंधाना के सक्सेस टिप्स
मेहनत का नहीं कोई विकल्प
आलिया मानती हैं कि फिल्मी परिवार से आने के कारण उन्हें कुछ अवसर आसानी से मिले। लेकिन उन्होंने यह भी समझा कि केवल अच्छी शुरुआत लंबे समय तक सफलता की गारंटी नहीं होती। दरवाजे खुल सकते हैं, लेकिन वहां टिके रहने के लिए निरंतर मेहनत, सीखने की इच्छा और खुद को बेहतर बनाने की भूख चाहिए।
बुरे दौर में भी रखें खुद पर भरोसा
आलिया कहती हैं कि उनके जीवन में भी ऐसे दिन आते हैं, जब सब कुछ मुश्किल लगता है। ऐसे समय में वह खुद को केवल एक बात याद दिलाती हैं- मैं सपने देखने और खुद पर भरोसा करने की हकदार हूं। यह सोच उन्हें आगे बढ़ने की ताकत देती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: लाइफ में सही डिसीजन लेना हो तो खुद से पूछें ये 3 सवाल
निरंतरता सफलता दिलाती है
जो लोग अपने लक्ष्य की ओर लगातार कदम बढ़ाते रहते हैं, वही अंततः मंजिल तक पहुंचते हैं। आलिया की यात्रा भी इसी निरंतरता की कहानी है। उन्होंने खुद को लगातार बेहतर किया, अलग-अलग भूमिकाएं निभाईं और हर चुनौती को सीखने के अवसर में बदला।
आलिया भट्ट का करियर, उनकी फैन फॉलोइंग और उनकी सक्सेस इस बात की तस्दीक करती है कि सफलता उन्हीं के दरवाजे पर दस्तक देती है, जो पहले अपने सपनों के दरवाजे खोलने का साहस करते हैं।
