नोएडा (Noida) के सेक्टर-24 इलाके में मोबाइल स्नैचिंग और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे घायल हालत में गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, पुलिस ने घेराबंदी और कॉम्बिंग अभियान के दौरान उसके दो अन्य साथियों को भी पकड़ लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से चोरी और स्नैचिंग के 31 मोबाइल फोन, नकदी और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
मोबाइल लुटेरों का पुलिस से पड़ा सामना
जानकारी के मुताबिक, पुलिस की टीम प्रकाश हॉस्पिटल से गंदे नाले के पुल की ओर जाने वाले रास्ते पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को बाइक पर सवार तीन संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो बदमाशों की मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। इसके बाद बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान एक गोली बदमाश नीरज के पैर में लगी। गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल नीरज गाजियाबाद के साहिबाबाद स्थित पप्पू कॉलोनी का रहने वाला है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: गुजरात में ट्रेलर से टकराई पर्यटकों की कार, 7 की मौत
31 मोबाइल फोन और 42 हजार रुपये बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने इलाके में कॉम्बिंग अभियान चलाया। इस दौरान नीरज के दो अन्य साथियों हेमंत उर्फ सनी और गोविंद सिंह उर्फ रिंकू को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के पास से चोरी और मोबाइल स्नेचिंग के कुल 31 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से 42 हजार रुपये नकद और एक चोरी की मोटरसाइकिल भी मिली है। पुलिस के मुताबिक, घायल बदमाश नीरज के पास से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। वहीं, हेमंत और गोविंद के पास से एक-एक अवैध चाकू मिला है।
तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही पुलिस
पुलिस (Police) ने घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस बरामद मोबाइल फोन और अन्य सामान के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
