लाइफस्टाइल

Aaj ka Suvichar: मंजिल तक पहुंचा कर ही दम लेगा अमिताभ बच्चन का गाया ये गाना, 100 साल पुराने बोल जो हाई करें जोश

Aaj ka Suvichar (Good Thought for Today): कभी-कभी जीवन के सबसे अहम फैसले ऐसे मोड़ पर खड़े होकर लेने पड़ते हैं, जहां साथ देने वाला कोई नहीं होता। गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की रचना और अमिताभ बच्चन की आवाज में गाया गया गीत एकला चलो रे... ऐसे समय में एक दीपक की तरह रास्ता दिखाता है। यह गीत आज के सुविचार के रूप में हमें सिखाता है कि जब सच आपके साथ हो, तो अकेलापन कमजोरी नहीं, बल्कि शक्ति बन जाता है।

Image

गुरुदेव टैगोर ने 1905 में एकला चलो रे लिखा था जिसे अमिताभ बच्चन ने भी गाया

Aaj ka Suvichar (Good Thought for Today): गुरुदेव टैगोर ने 1905 में एकला चलो रे लिखा था। फिल्म कहानी में अमिताभ बच्चन ने इस गाने को अपनी आवाज दी थी। एकला चलो रे गीत स्वतंत्रता संग्राम के दौरान लोगों को बिना किसी के साथ के अकेले ही अपने कर्तव्य पथ पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने के लिए लिखा गया था। यह गीत गुरुदेव ने बंगाल विभाजन के दौरान स्वदेशी आंदोलन के समय लिखा गया था, जिसे सितंबर 1905 में भंडार पत्रिका में प्रकाशित किया गया था। यह महात्मा गांधी के भी प्रिय भजनों शामिल था।

100 साल पुराना यह गीत केवल एक प्रेरक गीत नहीं, बल्कि जीवन की व्यवहारिक सच्चाई है। गुरुदेव टैगोर ने इस रचना के जरिए बताया कि दुनिया अक्सर सही का साथ नहीं देती। भीड़ वही चुनती है जो आसान हो, जो सुविधाजनक हो। ऐसे में अगर कोई व्यक्ति अपने विवेक, अपने मूल्यों और अपने सच के साथ खड़ा रहता है, तो उसका रास्ता अक्सर अकेला हो जाता है।

फिल्म कहानी में अमिताभ बच्चन की आवाज इस संदेश को और गहराई देती है। उनकी आवाज में एक ठहराव है, एक आत्मविश्वास है, जो सुनने वाले को भीतर से मजबूत कर देता है। यह गीत कहता है कि अगर कोई हाथ पकड़ने न आए, तो भी अपने कदम मत रोकना। हालांकि अमिताभ बच्चन के साथ इस गाने को और भी कई गायकों ने आवाज दी है। ये गाना आप किशोर कुमार, श्रेया घोषाल जैसे सिंगर्स की आवाज में भी सुन सकते हैं।

अकेले चलना क्यों बेहतर हो जाता है?

जीवन में कई बार अकेले चलना मजबूरी नहीं, बल्कि समझदारी बन जाता है। जब हम अकेले चलते हैं, तो फैसले दूसरों की राय से नहीं, अपने विवेक से लेते हैं। भीड़ के साथ चलने में अक्सर समझौते होते हैं - अपने सपनों से, अपने मूल्यों से और कभी-कभी अपनी आत्मा से भी।

अकेले चलने वाला व्यक्ति गिरता भी है, संभलता भी है और सीखता भी है। यही सीख उसे अंदर से इतना मजबूत बना देती है कि वह हालात से डरता नहीं। यह गीत उसी मानसिक शक्ति की बात करता है। जहां एक साधारण इंसान, जिसे दुनिया कमजोर समझती है, भीतर से शेर बन जाता है। यही कारण है कि कहा जाता है, यह गीत 'बकरी को भी शेर बनने का हौसला' दे देता है। यह आपको मन से कमजोर नहीं होने देता। हारने नहीं देता।

भीड़ बनाम दिशा

भीड़ हमेशा दिशा नहीं देती। कई बार वह सिर्फ शोर होती है। एकला चलो रे हमें याद दिलाता है कि अगर आपकी दिशा सही है, तो भीड़ का साथ न भी मिले, तो कोई नुकसान नहीं। इतिहास गवाह है कि बदलाव हमेशा अकेले खड़े लोगों ने ही शुरू किए हैं।

आज के समय में, जब सोशल अप्रूवल और लाइक्स को सफलता का पैमाना मान लिया गया है, यह सुविचार और भी प्रासंगिक हो जाता है। खुद पर भरोसा करना, अपने लक्ष्य पर टिके रहना और जरूरत पड़ने पर अकेले चलने का साहस रखना- यही सच्ची प्रेरणा है।

Medha Chawla
मेधा चावलाauthor

मेधा चावला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर एसोसिएट एडिटर हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन की लीड हैं। लाइफस्टाइल पत्रकारिता में 20 वर्षों का अनुभव रखने वाली मेधा की विशेषज्ञता हेल्थ, वेलनेस, फिटनेस, मेंटल हेल्थ, डेली लाइफ इम्प्रूवमेंट, ह्यूमन-इंटरेस्ट फीचर्स और रिसर्च-बेस्ड स्टोरीज तक फैली है। उनकी लेखन शैली पाठकों को जटिल स्वास्थ्य और जीवनशैली संबंधी विषयों को आसान, समझने योग्य और व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत करती है, जिससे उनका कंटेंट व्यापक पाठक समूह से जुड़ता है। अबतक 30,000 से अधिक कंटेंट पीस लिख चुकी मेधा की कई एक्सक्लूसिव स्टोरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ट्रेंड सेट कर चुकी हैं।

और पढ़ें
End of Article